Media24Media.com: महादेव सट्टा ऐप पर CBI का देशभर में बड़ा शिकंजा, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी; सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में खुले कई राज

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महादेव सट्टा ऐप पर CBI का देशभर में बड़ा शिकंजा, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी; सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में खुले कई राज

Document Thumbnail

 रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अवैध सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को खंगालने के लिए देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल संचालित होते मिले। जांच टीम ने इन पैनलों को बंद कराने के साथ ही बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।


CBI की इस कार्रवाई को महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से हुई पूछताछ से जोड़कर देखा जा रहा है। ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सौरभ से पूछताछ में ऐप के संचालन और देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई थीं। इन्हीं इनपुट के आधार पर जांच एजेंसी ने अलग-अलग राज्यों में एक साथ दबिश दी।

रायपुर से मुंबई और दिल्ली तक फैला नेटवर्क

CBI की छापेमारी जिन शहरों में की गई, उनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं। जांच एजेंसी ने इन शहरों में महादेव ऑनलाइन बुक के पैनल ऑपरेटरों और उनसे जुड़े संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली।

कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर लाइव ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए पाए गए। इन्हें तत्काल बंद कराया गया। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की अब विस्तृत जांच की जा रही है।

दूसरों के बैंक खातों से होता था सट्टे का लेनदेन

जांच में एक बार फिर महादेव ऐप के कथित वित्तीय नेटवर्क की परतें खुलती नजर आ रही हैं। CBI के मुताबिक, सट्टेबाजी से प्राप्त रकम के लेनदेन के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन खातों को दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाया जाता था या फिर किराए पर लिया जाता था।

पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने से लेकर सट्टे की रकम जमा कराने तक का काम करते थे। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से कथित तौर पर कमाई विदेश भेजी जाती थी। जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन और संदिग्ध लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

1 नवंबर को गिरफ्तार हुआ था सौरभ चंद्राकर

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को CBI ने गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा था।

पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों ने उससे ऐप के संचालन के तरीके, विदेश में मौजूद कथित हेड ऑफिस और भारत में सक्रिय पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई। एजेंसी ने पहले से मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी उससे सवाल किए।

19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ

पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद 12 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

CBI ने छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से मामला मिलने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक प्रकरण में दो FIR दर्ज की हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश में स्थित कथित हेड ऑफिस के जरिए किया जा रहा था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था।

फरार आरोपियों और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच

CBI की जांच अब केवल पैनल ऑपरेटरों तक सीमित नहीं है। एजेंसी विदेश में बैठे लोगों, नेटवर्क को संचालित करने में सहयोग देने वाले व्यक्तियों और कथित रूप से शामिल सरकारी अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है।

बैंक खाता और सिम किराए पर देने वालों को चेतावनी

CBI ने आम लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहने की चेतावनी दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि किसी दूसरे व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए देना भी कानूनी मुसीबत में डाल सकता है। ऐसे मामलों में संबंधित खाताधारक और दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।

महादेव ऐप मामले में ताजा छापेमारी के बाद अब जांच एजेंसी की नजर उन लोगों पर है, जो पर्दे के पीछे रहकर इस कथित अवैध कारोबार को संचालित करने और उसके पैसों के लेनदेन में मदद कर रहे थे।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.