Media24Media.com: धान खरीदी शुरू होते ही प्रशासन का एक्शन, 300 क्विंटल अवैध धान से भरा ट्रक जब्त

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

धान खरीदी शुरू होते ही प्रशासन का एक्शन, 300 क्विंटल अवैध धान से भरा ट्रक जब्त

Document Thumbnail

 कवर्धा। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के परिवहन और खपाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले के चिल्फी में प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 क्विंटल अवैध धान से लदे ट्रक को जब्त किया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध धान के कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन को अवैध रूप से धान परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चिल्फी क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक ट्रक में बड़ी मात्रा में धान का परिवहन होते पाया गया। जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद टीम ने करीब 300 क्विंटल धान के साथ ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया।

खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई जिला खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में की गई। खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की जांच की और धान के परिवहन से संबंधित जानकारी जुटाई। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद धान और वाहन को जब्त कर लिया गया।

सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन की पैनी नजर

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान की आवक और खपाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य दूसरे राज्यों से धान लाकर समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था में खपाने तथा बिचौलियों और कोचियों के जरिए होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है।

अवैध धान कारोबारियों को प्रशासन की चेतावनी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने, अवैध परिवहन करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

चिल्फी में 300 क्विंटल धान की जब्ती को प्रशासन की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि धान खरीदी अवधि के दौरान अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.