Media24Media.com: कुलगाम के बाद किश्तवाड़ में आतंकी हलचल! दो SPO लापता, गोलीबारी से मचा हड़कंप

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कुलगाम के बाद किश्तवाड़ में आतंकी हलचल! दो SPO लापता, गोलीबारी से मचा हड़कंप

Document Thumbnail

 श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। कुलगाम में CRPF के चेकपोस्ट पर आतंकी हमले के बाद अब किश्तवाड़ के पहाड़ी इलाके से दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के लापता होने की खबर सामने आई है। मारवाह के देहरना वन क्षेत्र में गोलीबारी की आवाजें सुनाई देने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। दोनों जवानों की तलाश में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है।


लापता SPO की पहचान रशपाल कुमार (40) और बॉबी चंद (54) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों सेना के जवानों के साथ गश्त पर निकले थे और धेरना पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनसे संपर्क टूट गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनके मोबाइल फोन कुछ समय तक चालू थे, लेकिन बाद में दोनों से संपर्क नहीं हो सका।

गोलीबारी की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

किश्तवाड़ के दच्छन-मरवाह के पहाड़ी क्षेत्र में दोनों SPO के लापता होने और गोलीबारी की आवाजें सुनाई देने की खबरों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इलाके में आतंकवादी गतिविधि की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस और सुरक्षा बल संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रहे हैं।

इस घटनाक्रम के दौरान मरवाह इलाके में एयरटेल मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की भी जानकारी सामने आई है। गौरतलब है कि इसी साल 10 मार्च को एयरटेल ने इस क्षेत्र में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।

अक्टूबर में भी लापता हुआ था SPO, जंगल में मिला था शव

किश्तवाड़ में SPO के लापता होने का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अक्टूबर में भी इसी तरह की एक गंभीर घटना हुई थी। 15 अक्टूबर 2026 को SPO बशीर अहमद त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हो गए थे।

अगले दिन 16 अक्टूबर को उनका शव त्रिगाम के जंगलों में एक नाले के पास गड्ढे में दबा हुआ मिला था। इस हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने 19 अक्टूबर को दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था।

कुलगाम में CRPF चेकपोस्ट पर आतंकियों ने की थी फायरिंग

इससे पहले बुधवार को कुलगाम जिले के अखरान मीर बाजार इलाके में आतंकियों ने CRPF की 46वीं बटालियन के चेकपोस्ट को निशाना बनाया था। दोपहर करीब 2:15 बजे मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई थी।

CCTV में कैद हुई फायरिंग, लश्कर कमांडर पर शक

हमले के बाद सामने आए CCTV फुटेज में मोटरसाइकिल सवार हमलावर करीब 15 सेकंड के भीतर लगभग 30 राउंड गोलियां चलाते दिखाई दिए। इस हमले के पीछे लश्कर कमांडर लतीफ भट का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। उसे घाटी में सक्रिय बचे हुए स्थानीय आतंकियों में से एक माना जाता है।

कुलगाम में CRPF पर हमले और किश्तवाड़ में दो SPO के लापता होने की घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिकता लापता SPO का पता लगाना और पहाड़ी इलाकों में किसी भी संभावित आतंकी गतिविधि को रोकना है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.