Media24Media.com: 150 से ज्यादा गायों ने सिरहा को रौंदा, फिर भी नहीं आई एक खरोंच! गरियाबंद के इस गांव में 200 साल पुरानी अनोखी परंपरा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

150 से ज्यादा गायों ने सिरहा को रौंदा, फिर भी नहीं आई एक खरोंच! गरियाबंद के इस गांव में 200 साल पुरानी अनोखी परंपरा

Document Thumbnail

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और धार्मिक आस्था की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसकी अनोखी मिसाल गरियाबंद जिले के मैनपुर कला गांव में देखने को मिलती है। यहां गोवर्धन पूजा के अवसर पर 200 साल से भी अधिक पुरानी परंपरा का आज भी पूरी श्रद्धा के साथ पालन किया जाता है। इस रस्म में 150 से अधिक गौधन बैठे हुए सिरहा के ऊपर से दौड़ते हुए गुजरते हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों के गुजरने के बाद भी सिरहा को कोई चोट या खरोंच नहीं आने का दावा किया जाता है।


इस वर्ष भी गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा मनाई गई। आयोजन के दौरान गांव के सिरहा को मुख्य गली के बीचों-बीच बैठाया गया। इसके बाद ग्राम देवी के जयकारों के बीच 150 से अधिक गौधन को खुला छोड़ दिया गया। गौधन गौरा गुड़ी से होते हुए मुख्य गली में दौड़ते हुए पहुंचे और बैठे हुए सिरहा के ऊपर से गुजरते हुए आगे निकल गए। इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के गांवों के लोग मौजूद रहे।

रस्म पूरी होने के बाद कंधे पर बैठाकर घर पहुंचाते हैं सिरहा

इस परंपरा की एक और खास रस्म है। गौधन के गुजरने के बाद गांव के पटेल परिवार का एक सदस्य सिरहा को अपने कंधे पर बैठाकर उनके घर तक पहुंचाता है। ग्रामीण इसे सिरहा के सुरक्षित और स्वस्थ होने का प्रतीक मानते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पूरी रस्म ग्राम देवी के प्रति आस्था और पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार निभाई जाती है।

10 साल से सुंदर यादव निभा रहे सिरहा की भूमिका

मैनपुर कला गांव में पिछले 10 वर्षों से सुंदर यादव सिरहा की भूमिका निभा रहे हैं। बताया जाता है कि यादव परिवार में यह परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है। इस आयोजन के लिए कोई निश्चित कैलेंडर तिथि निर्धारित नहीं है। दीपावली के बाद आने वाले रविवार या बुधवार को गांव की परंपरा के अनुसार पूजा और यह विशेष रस्म आयोजित की जाती है।

दादा-परदादा के समय से चली आ रही परंपरा

गांव के 87 वर्षीय बुजुर्ग निहाल नेगी बताते हैं कि उन्होंने अपने दादा-परदादा के समय से इस परंपरा को निभाते हुए देखा है। पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही यह रस्म आज भी ग्रामीणों की आस्था का अहम हिस्सा बनी हुई है। ग्रामीण गौधन को देवतुल्य मानते हैं और गोवर्धन पूजा के माध्यम से उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करते हैं।

परंपरा देखने उमड़ती है हजारों लोगों की भीड़

मैनपुर कला की यह अनोखी परंपरा अब आसपास के क्षेत्रों में भी आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। हर साल इस आयोजन को देखने के लिए मैनपुर कला सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। आधुनिक दौर में भी ग्रामीणों ने अपनी पुरानी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखा है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर होने वाला यह आयोजन छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपराओं और गौधन के प्रति ग्रामीणों की गहरी आस्था को दर्शाता है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.