Media24Media.com: CG Job Alert: छत्तीसगढ़ में 1501 सरकारी नौकरियां, बिजली कंपनी में भर्ती शुरू; 26 नवंबर तक मौका

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG Job Alert: छत्तीसगढ़ में 1501 सरकारी नौकरियां, बिजली कंपनी में भर्ती शुरू; 26 नवंबर तक मौका

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश की तीनों स्टेट पॉवर कंपनियों में कुल 1501 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज ने 38 प्रकार के पदों के लिए विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में अलग-अलग संवर्गों के रिक्त पद भरे जाएंगे।


छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ने 5 नवंबर 2026 को भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी किया है। इसमें कुल 1501 पदों में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 की शाम 8 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर 2026 रात 11:55 बजे निर्धारित की गई है। भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट https://cspc.co.in पर उपलब्ध है।

डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 और जूनियर इंजीनियर के 167 पद

इस भर्ती में सबसे ज्यादा पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस पद के लिए कुल 609 रिक्तियां हैं। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं।

वहीं, कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के कुल 167 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद हैं। इन पदों के अलावा इंजीनियरिंग, आईटीआई, सुरक्षा, चिकित्सा और प्रशासनिक संवर्ग में भी भर्ती होगी।

सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के पदों का विवरण

तकनीकी एवं अधिकारी संवर्ग में विभिन्न विषयों के सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं की नियुक्ति की जाएगी।

सहायक अभियंता के पद:

  • मैकेनिकल – 26 पद

  • इलेक्ट्रिकल – 92 पद

  • इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन – 10 पद

  • कंप्यूटर साइंस – 2 पद

  • सूचना प्रौद्योगिकी – 2 पद

  • सिविल – 20 पद

कनिष्ठ अभियंता के पद:

  • मैकेनिकल – 12 पद

  • इलेक्ट्रिकल – 167 पद

  • इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन – 9 पद

  • कंप्यूटर साइंस – 1 पद

  • सूचना प्रौद्योगिकी – 1 पद

  • सिविल – 26 पद

सुरक्षा और फायर विभाग में भी निकली वैकेंसी

पॉवर कंपनी की भर्ती में सुरक्षा और अग्निशमन विभाग के लिए भी पद रखे गए हैं। इनमें फायर ऑफिसर के 1, सब फायर ऑफिसर के 6, सुरक्षा अधिकारी के 3, सुरक्षा निरीक्षक के 10 और सुरक्षा उप निरीक्षक के 19 पद शामिल हैं। इसके अलावा फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

ITI पास युवाओं के लिए भी मौका

आईटीआई और तकनीकी ट्रेड से जुड़े युवाओं के लिए भी इस भर्ती में अवसर दिया गया है। अलग-अलग ट्रेड में अटेंडेंट (प्लांट) ग्रेड-III के पदों का विवरण इस प्रकार है:

  • फिटर – 84 पद

  • टर्नर – 36 पद

  • इलेक्ट्रीशियन – 90 पद

  • इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक – 45 पद

  • इलेक्ट्रॉनिक्स – 45 पद

इसके अलावा शिफ्ट केमिस्ट के 6 और प्रोग्रामर के 3 पद भी निर्धारित किए गए हैं।

चिकित्सा और गैर-तकनीकी संवर्ग में भी नियुक्तियां

भर्ती के तहत चिकित्सा, वित्त, विधि और प्रशासनिक विभागों में भी रिक्त पद भरे जाएंगे। इनमें लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15, सहायक विधि अधिकारी के 8 और सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8 पद शामिल हैं।

चिकित्सा एवं पैरामेडिकल क्षेत्र के पदों में सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पद शामिल हैं।

वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III अंग्रेजी के 12 और हिंदी के 13 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को मिलेगी प्राथमिकता

भर्ती विज्ञापन के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं। इनकी विस्तृत जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दी गई है।

तीनों पॉवर कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन के समय कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम भी बताना होगा। अंतिम चयन मेरिट सूची, उम्मीदवार की ओर से दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा।

26 नवंबर रात 11:55 बजे है आवेदन की अंतिम तारीख

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 की शाम 8 बजे से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसी समय तक नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से आवेदन शुल्क जमा किया जा सकेगा।

यह विस्तृत भर्ती विज्ञापन पहले 7 अगस्त 2026 को जारी किए गए संक्षिप्त विज्ञापन और 14 सितंबर 2026 को जारी संशोधन के आधार पर तैयार किया गया है।

पॉवर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भर्ती विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। खासकर शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य पात्रता संबंधी नियमों की जानकारी लेने के बाद ही आवेदन करें।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.