जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद की है। दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश देकर टीम ने 1261.8 बल्क लीटर शराब जब्त की है। बरामद शराब की मात्रा करीब 7010 बोतल बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने प्रवीण बघेल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। वहीं, मौके से सुनील सेठिया नामक आरोपी फरार हो गया। उसकी तलाश में विभाग की टीम जुटी हुई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की जगदलपुर रेंज को छोटे कड़मा क्षेत्र में अवैध शराब की बड़ी खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप मिली। गिनती और जांच में कुल 7010 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 1261.8 बल्क लीटर आंकी गई।
तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन जब्त
शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि इन वाहनों के जरिए शराब की खेप को दूसरे स्थानों तक पहुंचाने की तैयारी थी। विभाग अब शराब के स्रोत और इसे खपाने की योजना से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है।
फरार आरोपी की तलाश, नेटवर्क की जांच शुरू
मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी और निरुद्ध किए गए बालकों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फरार आरोपी सुनील सेठिया की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी है। आबकारी विभाग यह भी जांच कर रहा है कि मध्यप्रदेश ब्रांड की इतनी बड़ी खेप बस्तर तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

.gif)