Media24Media.com: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति युवक ने जताया हृदय से आभार, रखीं अपनी चार महत्वपूर्ण मांगें

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति युवक ने जताया हृदय से आभार, रखीं अपनी चार महत्वपूर्ण मांगें

Document Thumbnail

धमतरी- एक युवक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति विश्वास और आभार व्यक्त करते हुए अपनी जीवन से जुड़ी चार महत्वपूर्ण इच्छाएं और मांगें रखी हैं। युवक का कहना है कि उसे दोनों महानुभावों पर शत-प्रतिशत विश्वास है कि उसकी परिस्थितियों को समझते हुए उसकी इच्छाओं को पूरा करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।

युवक के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का उसे फोन आया था। उस दौरान घबराहट के कारण वह अपनी पूरी बात मुख्यमंत्री जी के सामने नहीं रख पाया। इसके बाद उसने धमतरी कलेक्टर माननीय अविनाश मिश्रा जी से फोन पर संपर्क कर पुनः मुख्यमंत्री जी से बात करवाने का अनुरोध किया।

युवक का कहना है कि कलेक्टर महोदय ने उसकी परिस्थितियों और चार इच्छाओं को गंभीरता से सुना तथा प्रत्येक इच्छा जानने के बाद सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि ठीक है, मैं करवाता हूं।

इसके बाद युवक ने मुख्यमंत्री जी के निजी सहायक माननीय तुलसी कौशिक जी से संपर्क कर मुख्यमंत्री जी से दोबारा बात करवाने का अनुरोध किया, ताकि वह मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दे सके। युवक के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को उसकी मुख्यमंत्री जी से पुनः बातचीत हुई। इस दौरान उसने मुख्यमंत्री जी को बताया कि जिन चार इच्छाओं को वह उनके समक्ष रखना चाहता था, उनके संबंध में कलेक्टर अविनाश मिश्रा जी ने सकारात्मक आश्वासन दिया है।

युवक की चार प्रमुख इच्छाएं एवं मांगें

1. माता-पिता के ऊपर चढ़े इलाज के कर्ज से मुक्ति दिलाने की मांग

युवक ने बताया कि 11 नवंबर 2016 को नोटबंदी के समय उसके साथ एक गंभीर दुर्घटना हुई थी। उस कठिन परिस्थिति में उसके इलाज के लिए कहीं से आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में उसके माता-पिता ने 10 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज लेकर उसका इलाज करवाया था। युवक के अनुसार, उस समय लिया गया कर्ज आज तक चुकाया जा रहा है, लेकिन कर्ज समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है।

उसने बताया कि अब स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कर्जदाता उसके घर पहुंचकर माता-पिता के साथ गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार करते हैं। इस परिस्थिति से उसके बुजुर्ग माता-पिता मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। युवक ने सरकार से मानवीय आधार पर परिवार के कर्ज से राहत दिलाने की गुहार लगाई है।

2. दिल्ली में बेहतर इलाज करवाने की मांग

युवक सर्वाइकल इंजरी और पैरालिसिस की समस्या से पीड़ित है। उसका कहना है कि उसकी बीमारी का उचित इलाज छत्तीसगढ़ में उपलब्ध नहीं है। इसलिए उसने सरकार से अनुरोध किया है कि उसे दिल्ली स्थित ESIC अस्पताल, वसंत कुंज, गफ्फार खान मार्ग में उपचार के लिए भेजकर उसके इलाज की व्यवस्था करवाई जाए।

3. अपनी बहन को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग

युवक ने बताया कि उसके माता-पिता अब बुजुर्ग हो चुके हैं और भविष्य में उनकी देखभाल करना कठिन हो सकता है। उसकी एक बहन है। वह चाहता है कि उसकी बहन को नियमानुसार सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए, जिससे वह जीवनभर अपने भाई की सेवा और देखभाल कर सके तथा परिवार को आर्थिक संबल भी मिल सके।

4. माता जी के अटैचमेंट के लिए कलेक्टर का आभार

युवक ने बताया कि माननीय कलेक्टर अविनाश मिश्रा जी के सकारात्मक सहयोग और आशीर्वाद से उसकी माता जी का अटैचमेंट जिला रोजगार कार्यालय धमतरी से आईटीआई देवपुर, नगरी में हो चुका है। इस कार्य के लिए उसने कलेक्टर महोदय के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री और कलेक्टर पर जताया 100 प्रतिशत विश्वास

युवक ने भावुक होकर कहा कि वह माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा जी का हृदय से धन्यवाद करता है। उसे दोनों के प्रति पूरा विश्वास है कि उसकी पारिवारिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों को मानवीय दृष्टिकोण से समझते हुए उसकी चारों इच्छाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

युवक ने कहा कि उसके लिए यह केवल चार इच्छाएं नहीं, बल्कि उसके माता-पिता के सम्मान, अपने बेहतर इलाज, बहन के भविष्य और पूरे परिवार की जिंदगी से जुड़ी उम्मीदें हैं।

अब युवक को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन उसकी इन चारों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उचित निर्णय लेंगे और उसके परिवार को इस कठिन परिस्थिति से बाहर निकालने में मदद करेंगे।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement



Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.