Media24Media.com: #GovernmentSupport

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #GovernmentSupport. Show all posts
Showing posts with label #GovernmentSupport. Show all posts

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति युवक ने जताया हृदय से आभार, रखीं अपनी चार महत्वपूर्ण मांगें

No comments Document Thumbnail

धमतरी- एक युवक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति विश्वास और आभार व्यक्त करते हुए अपनी जीवन से जुड़ी चार महत्वपूर्ण इच्छाएं और मांगें रखी हैं। युवक का कहना है कि उसे दोनों महानुभावों पर शत-प्रतिशत विश्वास है कि उसकी परिस्थितियों को समझते हुए उसकी इच्छाओं को पूरा करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।

युवक के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का उसे फोन आया था। उस दौरान घबराहट के कारण वह अपनी पूरी बात मुख्यमंत्री जी के सामने नहीं रख पाया। इसके बाद उसने धमतरी कलेक्टर माननीय अविनाश मिश्रा जी से फोन पर संपर्क कर पुनः मुख्यमंत्री जी से बात करवाने का अनुरोध किया।

युवक का कहना है कि कलेक्टर महोदय ने उसकी परिस्थितियों और चार इच्छाओं को गंभीरता से सुना तथा प्रत्येक इच्छा जानने के बाद सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि ठीक है, मैं करवाता हूं।

इसके बाद युवक ने मुख्यमंत्री जी के निजी सहायक माननीय तुलसी कौशिक जी से संपर्क कर मुख्यमंत्री जी से दोबारा बात करवाने का अनुरोध किया, ताकि वह मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दे सके। युवक के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को उसकी मुख्यमंत्री जी से पुनः बातचीत हुई। इस दौरान उसने मुख्यमंत्री जी को बताया कि जिन चार इच्छाओं को वह उनके समक्ष रखना चाहता था, उनके संबंध में कलेक्टर अविनाश मिश्रा जी ने सकारात्मक आश्वासन दिया है।

युवक की चार प्रमुख इच्छाएं एवं मांगें

1. माता-पिता के ऊपर चढ़े इलाज के कर्ज से मुक्ति दिलाने की मांग

युवक ने बताया कि 11 नवंबर 2016 को नोटबंदी के समय उसके साथ एक गंभीर दुर्घटना हुई थी। उस कठिन परिस्थिति में उसके इलाज के लिए कहीं से आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में उसके माता-पिता ने 10 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज लेकर उसका इलाज करवाया था। युवक के अनुसार, उस समय लिया गया कर्ज आज तक चुकाया जा रहा है, लेकिन कर्ज समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है।

उसने बताया कि अब स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कर्जदाता उसके घर पहुंचकर माता-पिता के साथ गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार करते हैं। इस परिस्थिति से उसके बुजुर्ग माता-पिता मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। युवक ने सरकार से मानवीय आधार पर परिवार के कर्ज से राहत दिलाने की गुहार लगाई है।

2. दिल्ली में बेहतर इलाज करवाने की मांग

युवक सर्वाइकल इंजरी और पैरालिसिस की समस्या से पीड़ित है। उसका कहना है कि उसकी बीमारी का उचित इलाज छत्तीसगढ़ में उपलब्ध नहीं है। इसलिए उसने सरकार से अनुरोध किया है कि उसे दिल्ली स्थित ESIC अस्पताल, वसंत कुंज, गफ्फार खान मार्ग में उपचार के लिए भेजकर उसके इलाज की व्यवस्था करवाई जाए।

3. अपनी बहन को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग

युवक ने बताया कि उसके माता-पिता अब बुजुर्ग हो चुके हैं और भविष्य में उनकी देखभाल करना कठिन हो सकता है। उसकी एक बहन है। वह चाहता है कि उसकी बहन को नियमानुसार सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए, जिससे वह जीवनभर अपने भाई की सेवा और देखभाल कर सके तथा परिवार को आर्थिक संबल भी मिल सके।

4. माता जी के अटैचमेंट के लिए कलेक्टर का आभार

युवक ने बताया कि माननीय कलेक्टर अविनाश मिश्रा जी के सकारात्मक सहयोग और आशीर्वाद से उसकी माता जी का अटैचमेंट जिला रोजगार कार्यालय धमतरी से आईटीआई देवपुर, नगरी में हो चुका है। इस कार्य के लिए उसने कलेक्टर महोदय के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री और कलेक्टर पर जताया 100 प्रतिशत विश्वास

युवक ने भावुक होकर कहा कि वह माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा जी का हृदय से धन्यवाद करता है। उसे दोनों के प्रति पूरा विश्वास है कि उसकी पारिवारिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों को मानवीय दृष्टिकोण से समझते हुए उसकी चारों इच्छाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

युवक ने कहा कि उसके लिए यह केवल चार इच्छाएं नहीं, बल्कि उसके माता-पिता के सम्मान, अपने बेहतर इलाज, बहन के भविष्य और पूरे परिवार की जिंदगी से जुड़ी उम्मीदें हैं।

अब युवक को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन उसकी इन चारों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उचित निर्णय लेंगे और उसके परिवार को इस कठिन परिस्थिति से बाहर निकालने में मदद करेंगे।

आपका मुख्यमंत्री आपके समाज के बीच का है, आपका भाई है....आप आगे बढ़ें, सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है - मुख्यमंत्री साय

No comments Document Thumbnail

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संभाग स्तरीय बस्तर ओलम्पिक का किया विधिवत शुभारंभ

बस्तर संभाग के सातों जिलों और नुवाबाट के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

बस्तर अब शांति, समरसता और समृद्धि की ओर अग्रसर-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर- आपका मुख्यमंत्री आपके समाज के बीच का है, आपका भाई है....आप आगे बढ़ें, सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बस्तर ओलिंपिक 2025 के तहत संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री साय ने आज जगदलपुर के स्थानीय इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में संभाग स्तरीय बस्तर ओलिंपिक का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने समूचे बस्तर संभाग के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बस्तर के गांव-गांव तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप बस्तर अब शांति, समरसता और समृद्धि की ओर निरंतर अग्रसर हो रहा है और प्रदेश तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर के युवाओं ने बड़ी संख्या में इस महती आयोजन में भाग लेकर इसे सफल और ऐतिहासिक बनाया है। सबसे अधिक हर्ष की बात यह है कि बस्तर ओलम्पिक में नुवाबाट के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक शामिल होकर इसे एक विशेष आयाम प्रदान किया है। बड़ी संख्या में बेटियों और बहनों की सहभागिता यह प्रमाणित करती है कि बस्तर में महिला सशक्तिकरण नई दिशा ले रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार बस्तर के युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें विकास में सहभागी बनाने के लिए कटिबद्ध है। यही कारण है कि बस्तर के युवा लोकतंत्र में आस्था एवं विश्वास के साथ आगे आ रहे हैं और विकास यात्रा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता के विजेता आने वाले समय में खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल बनेंगे। सरकार बस्तर के युवाओं को बेहतर अवसर एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेगी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक स्पर्धाओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर आने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः तीन-तीन करोड़, दो करोड़ तथा एक करोड़ रुपए की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक न केवल युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ाने की पहल है, बल्कि उन्हें विकास की मुख्यधारा में सम्मिलित करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि बस्तर में खेल अधोसंरचना को और मजबूत किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को उचित मंच मिल सके। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जितना सिखाता है, उतना ही हार से सीखकर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर ओलम्पिक युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सकारात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर के अंदरूनी इलाकों के युवाओं को अधिक अवसर देकर उन्हें प्रोत्साहित कर रही है और भविष्य में यह पहल और अधिक सशक्त रूप में जारी रहेगी।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप और ओलम्पिक में ब्रॉन्ज मेडल सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक विजेता खिलाड़ी पद्मश्री एम.सी. मेरीकॉम ने भी उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और शुभकामनाएँ दीं।

संचालक, खेल एवं युवा कल्याण,तनुजा सलाम ने स्वागत उद्बोधन में अवगत कराया कि बस्तर ओलम्पिक की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर और बस्तर जिले के साथ ही नुवा बाट के करीब तीन हजार पाँच सौ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह बस्तर के लिए गौरव का क्षण है और बस्तर के उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय अत्यंत सराहनीय है। बस्तर ओलम्पिक में तीन स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि गत वर्ष के 1,65,000 प्रतिभागियों की तुलना में इस वर्ष 3,92,000 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 2,27,000 से अधिक महिला प्रतिभागी शामिल हैं - यह बस्तर में परिवर्तन की नई बयार है।

कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों द्वारा मशाल प्रज्ज्वलन और आतिशबाजी के साथ हुई। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत माता रूकमणी कन्या आश्रम तथा अन्य विद्यालयों की छात्राओं द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस अवसर पर विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, राष्ट्रीय खिलाड़ी किरण पिस्दा एवं खुशबू नाग, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जिलों के नोडल अधिकारी, खेल अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

पूवर्ती के खिलाड़ी विजय डोडी और ओरछा सलोनी बनीं मशालवाहक

बस्तर ओलम्पिक 2025 की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ आज अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रीगण तथा बॉक्सर पद्मश्री मेरी कॉम द्वारा किया गया। हजारों दर्शकों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर ओलम्पिक की मशाल प्रज्ज्वलित की।

इसके बाद यह गौरवशाली मशाल सुकमा जिले के सुदूर अंचल पूवर्ती के प्रतिभावान खिलाड़ी विजय डोडी और नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक की निवासी सलोनी कवाची को सौंपा गया। कबड्डी खिलाड़ी विजय डोडी और खो-खो खिलाड़ी सलोनी कवाची ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और गौरव के साथ ग्राउंड की परिक्रमा करते हुए मशाल को मुख्य प्रज्वलन स्थल तक पहुंचाया। यह क्षण सुकमा और नारायणपुर जिलों के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और भावनात्मक था - जब माओवाद-प्रभावित एवं दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ हजारों दर्शकों के सामने दौड़ रहे थे। दर्शकों का उत्साह भी इस दौरान चरम पर पहुंच गया।

संभागभर से पहुंचे हजारों खिलाड़ियों और दर्शकों ने इस ऐतिहासिक क्षण का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। बस्तर ओलम्पिक के इस भव्य उद्घाटन ने एक बार फिर सिद्ध किया कि बस्तर की माटी में असीम खेल प्रतिभाएं जन्म ले रही हैं और राज्य सरकार तथा प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से इन प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

शिवगंगा हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी का शोक, PMNRF से राहत राशि की घोषणा

No comments Document Thumbnail

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में हुई दुर्घटना में हुए जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को प्रति व्यक्ति 2 लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया:

“तमिलनाडु के शिवगंगा में हुई दुर्घटना में जान गंवाने वालों की मौत अत्यंत दुखद है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएँ। मैं प्रार्थना करता हूँ कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.