Media24Media.com: ओडिशा में भीषण अग्निकांड: एक ही परिवार के चार लोगों की जलकर मौत, दो मासूम बच्चे भी शामिल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

ओडिशा में भीषण अग्निकांड: एक ही परिवार के चार लोगों की जलकर मौत, दो मासूम बच्चे भी शामिल

Document Thumbnail

ओडिशा के जाजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक घर में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदगी छीन ली। मृतकों में दो महिलाएं और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इस हादसे में परिवार का एक 22 वर्षीय युवक भी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए कटक रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा शनिवार, 7 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे जाजपुर जिले के नालीपुर गांव में हुआ। यह गांव बालिचंद्रपुर थाना क्षेत्र और बड़ाचना ब्लॉक के अंतर्गत आता है। आग घर के अंदर उस समय लगी, जब परिवार के लिए खाना बनाया जा रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में मौजूद तबस्सुम और गुलअफ्सा एलपीजी गैस का इस्तेमाल कर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर की छत एस्बेस्टस की थी और आग तेजी से फैलने के कारण परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।

इस हादसे में घर के मालिक निजामुद्दीन की बहू तबस्सुम, उनकी बेटी गुलअफ्सा और गुलअफ्सा के दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्चों में एक करीब 10 साल की बच्ची और दूसरा आठ महीने का मासूम बच्चा शामिल बताया गया है।

बताया जा रहा है कि घर में बाहर निकलने के लिए केवल एक ही दरवाजा था। आग तेजी से फैलने के कारण अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके। इस घटना में परिवार का एक 22 वर्षीय युवक भी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे पहले बड़ाचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही चांदीखोल दमकल केंद्र की टीम और बालिचंद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने और राहत-बचाव का काम शुरू किया। लेकिन तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी और चार लोगों की जान जा चुकी थी।

अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर आग लगी कैसे?

पुलिस के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। खाना बनाने के दौरान एलपीजी गैस का इस्तेमाल किया जा रहा था, इसलिए गैस से जुड़ी किसी संभावित वजह की भी जांच जरूरी है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

फिलहाल प्रशासन की जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

ओडिशा के इस दर्दनाक अग्निकांड में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति हमारी भावभीनी श्रद्धांजलि।



Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.