Media24Media.com: छत्तीसगढ़ दौरे पर एक्शन मोड में स्मृति ईरानी: CM साय और डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात, आज मंत्रियों के साथ करेंगी मंथन

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ दौरे पर एक्शन मोड में स्मृति ईरानी: CM साय और डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात, आज मंत्रियों के साथ करेंगी मंथन

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी एवं पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय दौरे पर संगठन और सरकार के बीच समन्वय मजबूत करने में जुटी हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। वहीं, दौरे के दूसरे दिन सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में विधायकों, सांसदों और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठकों का कार्यक्रम निर्धारित है।


भाजपा प्रदेश कार्यालय में पहले दिन की संगठनात्मक बैठक समाप्त होने के बाद स्मृति ईरानी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिलने उनके रायपुर स्थित निवास पहुंचीं। यहां दोनों के बीच शिष्टाचार भेंट हुई। इसके बाद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी मुलाकात की। इन मुलाकातों को प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के संदर्भ में देखा जा रहा है।

आज विधायकों और सांसदों के साथ करेंगी चर्चा

स्मृति ईरानी के दौरे के दूसरे दिन भाजपा कार्यालय में सुबह से बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक भाजपा विधायकों के साथ बैठक होगी। इसमें विधायकों की क्षेत्रीय सक्रियता, कामकाज और जनता के साथ उनके जुड़ाव से संबंधित विषयों पर चर्चा किए जाने की जानकारी है।

इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सांसदों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें लोकसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति और केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

मंत्रियों के साथ सत्ता और संगठन के तालमेल पर मंथन

दौरे के दूसरे दिन की प्रमुख बैठक दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ होगी। इस बैठक में सरकार के कामकाज और संगठन के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक, पहले दिन कुछ मंत्रियों को लेकर शिकायतें प्रदेश प्रभारी तक पहुंचने की बात सामने आई थी। ऐसे में मंत्रियों के साथ होने वाली बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, शिकायतों की प्रकृति और बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

निगम-मंडल और आयोगों के पदाधिकारियों की भी समीक्षा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3 बजे के बाद स्मृति ईरानी निगमों, मंडलों, आयोगों और बोर्डों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। इस दौरान संबंधित संस्थाओं के कामकाज और संगठनात्मक समन्वय से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा सकती है।

स्मृति ईरानी का यह दौरा छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावित बैठकों के जरिए प्रदेश में संगठन की गतिविधियों और सरकार के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.