Media24Media.com: सात गांवों ने मिलकर मनाई नन्हे हाथी की छठी, प्यार से रखा ‘काशी’ नाम

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सात गांवों ने मिलकर मनाई नन्हे हाथी की छठी, प्यार से रखा ‘काशी’ नाम

Document Thumbnail

 कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इंसान और वन्यजीवों के बीच स्नेह और आस्था की अनूठी मिसाल देखने को मिली। करतला रेंज के काशीपानी जंगल में नौ हाथियों के झुंड में एक नन्हे हाथी के जन्म की खुशी में आसपास के सात गांवों के ग्रामीणों ने उसकी छठी मनाई। इस मौके पर ग्रामीणों ने हाथी के बच्चे का नाम प्यार से ‘काशी’ रखा। पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण के साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने क्षेत्र में लोगों का ध्यान खींचा है।


सात गांवों के ग्रामीणों ने मिलकर मनाई छठी

नन्हे हाथी की छठी का कार्यक्रम कारीपानी मंदिर के नीचे स्थित गौठान टिकरापारा में आयोजित किया गया। इसमें रामभाठा, लबेद, पाहराभांठा, काशीपानी, छातापाठ, जामपानी और छुईडुंगा गांव के ग्रामीण शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन हुआ और ग्रामीणों के बीच भोजन प्रसादी बांटी गई। हाथी के बच्चे के प्रति ग्रामीणों का यह अपनापन वन्यजीवों के साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। नन्हे हाथी का नाम ‘काशी’ रखे जाने की भी क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

वन विभाग की अपील, हाथियों से बनाए रखें दूरी

कार्यक्रम के दौरान एसडीओ मणिकांत वर्मा ने ग्रामीणों से हाथियों के करीब नहीं जाने और उनसे किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

वन विभाग के अनुसार, नौ हाथियों का झुंड फिलहाल काशीपानी जंगल में मौजूद है। इसके अलावा कुदमुरा क्षेत्र में 32 और चचिया क्षेत्र में सात हाथियों की मौजूदगी बताई गई है। हाथियों की गतिविधियों के कारण अब तक 17 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों की आवाजाही की सूचना तत्काल विभाग को देने की सलाह दी है।

वर्ष 2000 में पहली बार कोरबा के जंगलों में पहुंचे थे हाथी

बताया जाता है कि वर्ष 2000 में हाथियों ने पहली बार कोरबा जिले के कुदमुरा क्षेत्र के आमटिकरा गांव में दस्तक दी थी। इसके बाद जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी बढ़ती गई। कई बार इनकी संख्या 150 तक पहुंचने की बात भी सामने आई है।

ग्रामीणों के बीच हाथी के बच्चे की छठी मनाने की परंपरा धिनारा गांव से शुरू हुई थी। अब इस परंपरा के तहत ग्रामीण नन्हे हाथी के आगमन की खुशी साझा करते हैं। काशीपानी जंगल में ‘काशी’ की छठी का आयोजन इसी परंपरा और वन्यजीवों के प्रति ग्रामीणों के स्नेह का उदाहरण बन गया है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.