Media24Media.com: महासमुंद में झूले की रस्सी में फंसा चौथी के छात्र का गला, मौत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महासमुंद में झूले की रस्सी में फंसा चौथी के छात्र का गला, मौत

Document Thumbnail

 महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक दर्दनाक हादसे में चौथी कक्षा के छात्र की जान चली गई। बसना विकासखंड के मुड़ीडीह शासकीय प्राथमिक स्कूल परिसर में पेड़ से बंधे रस्सी के झूले में गला फंसने से 10 वर्षीय छात्र तरुण चौहान की मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के वक्त स्कूल परिसर में कोई शिक्षक या जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था। मामले में लापरवाही सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


समय से पहले स्कूल पहुंचा था छात्र

जानकारी के अनुसार, तरुण चौहान शुक्रवार सुबह निर्धारित समय से पहले स्कूल पहुंच गया था। स्कूल परिसर में एक पेड़ से रस्सी बंधी हुई थी, जिसका इस्तेमाल बच्चे झूला झूलने और उल्टा लटककर खेलने के लिए करते थे। इसी दौरान खेलते समय तरुण का गला रस्सी में फंस गया। बताया जा रहा है कि उस समय परिसर में स्कूल का कोई शिक्षक मौजूद नहीं था।

कुछ महिलाएं जब स्कूल परिसर पहुंचीं, तो उन्होंने बच्चे को रस्सी से लटका देखा। उन्होंने तत्काल उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जांच में प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी की लापरवाही सामने आई है। इसके बाद दोनों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई।

भंवरपुर चौकी प्रभारी अनंजना चंद्रा ने बताया कि घटना सुबह की है। छात्र खेल रहा था, तभी रस्सी उसके गले में फंस गई। उस समय स्कूल परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे यह दुखद हादसा हो गया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.