Media24Media.com: नाबालिग हत्याकांड: फरार आरोपी पर 10 हजार का इनाम, पुलिस ने जारी किए नंबर

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नाबालिग हत्याकांड: फरार आरोपी पर 10 हजार का इनाम, पुलिस ने जारी किए नंबर

Document Thumbnail

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी रविदास मानिकपुरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया है। 22 वर्षीय आरोपी की तलाश में जुटी दुर्ग पुलिस ने उसके संबंध में विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने आम नागरिकों से आरोपी की तलाश में सहयोग करने की अपील की है।


लुचकी तालाब इलाके के मकान में मिला था शव

मामला दुर्ग के कोतवाली थाना क्षेत्र के लुचकी तालाब इलाके का है। बीते 26 सितंबर को वार्ड नंबर 7 स्थित एक मकान में नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने मौके की जांच कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मां ने आरोपी पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

मृतका की मां के अनुसार, उनकी बेटी पिछले करीब एक साल से आरोपी रविदास मानिकपुरी के साथ रह रही थी। मां ने आरोप लगाया कि आरोपी बेटी के साथ मारपीट करता था और उससे काम कराने के बाद पैसे भी नहीं देता था।

मां का कहना है कि घटना से दो दिन पहले उनकी बेटी आरोपी की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उनके पास आई थी। आरोप है कि 26 सितंबर की शाम रविदास उसे जबरन अपने साथ ले गया था। इसके बाद नाबालिग का शव मिलने से मामला हत्या में बदल गया। मृतका की मां ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आरोपी की सूचना देने के लिए पुलिस ने जारी किए नंबर

दुर्ग पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रविदास मानिकपुरी के बारे में कोई भी सटीक जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना दें।

पुलिस से संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर:

  • पुलिस नियंत्रण कक्ष, दुर्ग: 94791-92099

  • थाना दुर्ग: 94791-92019

  • घोषित इनाम: 10,000 रुपये

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के बारे में उपयोगी जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान गोपनीय रखी जाएगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.