Media24Media.com: दिवंगत पत्रकारों के नाम पर होंगी रायपुर की सड़कें, प्रेस क्लब ने महापौर को सौंपा प्रस्ताव

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दिवंगत पत्रकारों के नाम पर होंगी रायपुर की सड़कें, प्रेस क्लब ने महापौर को सौंपा प्रस्ताव

Document Thumbnail

पत्रकारिता और समाज सेवा में योगदान देने वाले दिवंगत पत्रकारों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की पहल

रायपुर- लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता और समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले दिवंगत पत्रकारों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में रायपुर प्रेस क्लब ने पहल की है। प्रेस क्लब  की कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार एक प्रेस क्लब  प्रतिनिधिमंडल ने आज महापौर मीनल चौबे को ज्ञापन सौंपकर रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत दिवंगत पत्रकारों के निवास स्थल के आसपास स्थित प्रमुख सड़क, चौक, तिराहा अथवा गली का नामकरण उनके नाम पर करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

रायपुर प्रेस क्लब ने प्रथम चरण में 26 दिवंगत पत्रकारों के नाम प्रस्तावित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान, सामाजिक सरोकारों और जनहित के लिए किए गए कार्यों को सम्मान देना तथा उनकी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। प्रेस क्लब ने आग्रह किया है कि प्रस्ताव पर विचार कर इसे एमआईसी (महापौर परिषद) में पारित कराया जाए और आगे सामान्य सभा के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की जाए।

प्रेस क्लब का मानना है कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने, जनमत निर्माण करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके नाम पर सड़कों और चौक-चौराहों का नामकरण उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही नई पीढ़ी को सकारात्मक पत्रकारिता और समाज सेवा के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगा।

प्रथम चरण में प्रस्तावित नामों में स्व. विष्णु सिन्हा, स्व. अनल शुक्ला, स्व. रम्मू श्रीवास्तव, स्व. सत्येंद्र गुमास्ता, स्व. बसंत तिवारी, स्व. अश्विनी शर्मा, स्व. सुरेश तिवारी, स्व. कुमार साहू, स्व. कमल ठाकुर, स्व. गोपाल वोरा, स्व. एम.ए. जोसेफ, स्व. बसंत दीवान, स्व. कुलदीप निगम, स्व. देवेंद्र कर, स्व. विनय शर्मा, स्व. योगेश यदु, स्व. ठाकुर दिगंबर सिंह, स्व. विद्या शंकर शुक्ल, स्व. के.के. सिंह, स्व. जगदीश यादव, स्व. संजीत त्रिपाठी, स्व. भूपेंद्र टिकरिहा, स्व. नईम शिरो, स्व. आबिद अली और स्व. रमेश अवस्थी  सुखनंदन बंजारे, विकल्प शुक्ला शामिल हैं।

रायपुर प्रेस क्लब ने महापौर से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का अनुरोध किया है, ताकि पत्रकारिता जगत की इन विभूतियों के योगदान को शहर की पहचान और स्मृतियों का स्थायी हिस्सा बनाया जा सके।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के  अध्यक्ष मोहन तिवारी , महासचिव गौरव शर्मा उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े,वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा,  रविंद्र ठेंगड़ी,  राजेंद्र निगम, सत्येंद्र कर शंकर चंद्राकर, जाकिर घुड़सेना, मनीष वोरा , एवं अन्य पत्रकार गण मौजूद रहे ।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.