Media24Media.com: #RaipurPressClub

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #RaipurPressClub. Show all posts
Showing posts with label #RaipurPressClub. Show all posts

रायपुर प्रेस क्लब का संविधान बदलेगा! छह दशक पुराने नियमों में संशोधन को सदस्यों की मंजूरी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के इतिहास में संविधान संशोधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। करीब छह दशक पुराने संविधान को वर्तमान समय और पत्रकारिता की बदलती जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए आयोजित विशेष सामान्य सभा में संशोधन के सभी प्रस्ताव बहुमत से पारित कर दिए गए। सभा में बड़ी संख्या में पत्रकार सदस्य शामिल हुए। वरिष्ठ पत्रकारों के मार्गदर्शन और सदस्यों के सुझावों के बाद इन प्रस्तावों पर सहमति बनी। हालांकि, संशोधन लागू होने से पहले रजिस्ट्रार, फर्म्स एवं सोसायटी से वैधानिक अनुमोदन लेना होगा।


रायपुर प्रेस क्लब के संविधान के अनुच्छेद 16 के तहत विशेष सामान्य सभा आयोजित की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष 1967 में तैयार किए गए संविधान को मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप अधिक व्यावहारिक, प्रभावी और व्यवस्थित बनाना था। बीते छह दशकों में पत्रकारिता के स्वरूप, तकनीक, कार्यप्रणाली और पत्रकारों की जरूरतों में काफी बदलाव आया है। ऐसे में संविधान में संशोधन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

संविधान की विभिन्न अनुसूचियों में संशोधन के प्रस्ताव पारित

विशेष सामान्य सभा में संविधान की अनुसूची 1, 2, 3 और 4 के विभिन्न उपखंडों में संशोधन एवं परिवर्तन के प्रस्ताव रखे गए। इसके अलावा अनुसूची 5, 7 और 8 में उल्लेखित विशेष प्रावधानों में बदलाव, अनुसूची 9 के विभिन्न उपखंडों में संशोधन और नए प्रावधान शामिल करने तथा अनुसूची 10, 14, 15 और 16 में संशोधन के प्रस्ताव सदस्यों के सामने प्रस्तुत किए गए।

सभी प्रस्तावों पर सदस्यों ने अपने विचार और सुझाव रखे। विस्तृत चर्चा के बाद सभी संशोधन प्रस्ताव बहुमत से पारित कर दिए गए। सभा में वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए और सदस्यों ने सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लिया। पूरी प्रक्रिया में संस्था की लोकतांत्रिक परंपरा और सामूहिक निर्णय की भावना देखने को मिली।

अध्यक्ष मोहन तिवारी बोले- समय के साथ संविधान में बदलाव जरूरी

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि प्रेस क्लब का संविधान लगभग छह दशक पुराना है। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में तकनीक, कार्यप्रणाली और आवश्यकताओं के स्तर पर व्यापक बदलाव हुए हैं। वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप संस्था के संविधान को व्यवस्थित और प्रभावी बनाना जरूरी हो गया था। इसी उद्देश्य से संशोधन के प्रस्ताव तैयार कर विशेष सामान्य सभा में सदस्यों के विचारार्थ रखे गए।

उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब एक लोकतांत्रिक संस्था है और इसके संविधान में संशोधन की प्रक्रिया भी लोकतांत्रिक तरीके से पूरी की जा रही है। सामान्य सभा में प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने और सुझाव देने का अवसर दिया गया। सभी पक्षों पर चर्चा के बाद बहुमत से प्रस्ताव पारित किए गए हैं।

रजिस्ट्रार से अनुमोदन के बाद ही लागू होंगे संशोधन

अध्यक्ष मोहन तिवारी ने स्पष्ट किया कि विशेष सामान्य सभा में पारित संशोधन प्रस्तावों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ रजिस्ट्रार, फर्म्स एवं सोसायटी के समक्ष वैधानिक अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही ये संशोधन प्रभावी होंगे।

उन्होंने सभा में उपस्थित होकर चर्चा में भाग लेने वाले सभी पत्रकार सदस्यों का आभार जताया। साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव, मार्गदर्शन और सकारात्मक सुझावों के लिए विशेष धन्यवाद दिया।

सामूहिक प्रयास से मजबूत होगा प्रेस क्लब

मोहन तिवारी ने कहा कि संविधान संशोधन की यह पहल किसी व्यक्ति या कार्यकारिणी तक सीमित नहीं है, बल्कि रायपुर प्रेस क्लब के व्यापक हित, संस्थागत मजबूती और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर की गई है। सदस्यों की सक्रिय भागीदारी संस्था के प्रति उनकी जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से प्रेस क्लब को अधिक सशक्त, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

बड़ी संख्या में पत्रकार और वरिष्ठ सदस्य रहे मौजूद

विशेष सामान्य सभा में प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े तथा कार्यकारिणी सदस्य संदीप पुराणिक, चंदन साहू, संतोष साहू, नीरज मिश्रा, अंशुमान शर्मा, जाकिर घुड़सेना और संजीव सिन्हा उपस्थित रहे।

इसके अलावा पूर्व अध्यक्ष बृजेश चौबे, रामावतार तिवारी, अनिल पुस्दकर, प्रफुल्ल ठाकुर और दामु अंबेडारे सहित वरिष्ठ पत्रकार कौशल किशोर मिश्रा, प्रशांत शर्मा, प्रदीप दुबे, दिनेश तिवारी, ठाकुर राम साहू, सुकांत राजपूत, कौशल तिवारी, राकेश पांडेय, राजकुमार चतुर्वेदी, विश्वनाथ साहू, विजय मिश्रा, नवीन जैन, शंकर चंद्राकर, रमेश पांडे, राकेश निषाद, विद्या भूषण, राहुल जैन, संदीप शुक्ला, शुभ्रा नंदी, मीनल शर्मा, रेणु नंदी और आफताब बेगम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार सदस्य मौजूद रहे।

रायपुर प्रेस क्लब ने संविधान संशोधन की प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। साथ ही उम्मीद जताई कि सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग से संस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नई दिशा मिलेगी।

दिवंगत पत्रकारों के नाम पर होंगी रायपुर की सड़कें, प्रेस क्लब ने महापौर को सौंपा प्रस्ताव

No comments Document Thumbnail

पत्रकारिता और समाज सेवा में योगदान देने वाले दिवंगत पत्रकारों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की पहल

रायपुर- लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता और समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले दिवंगत पत्रकारों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में रायपुर प्रेस क्लब ने पहल की है। प्रेस क्लब  की कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार एक प्रेस क्लब  प्रतिनिधिमंडल ने आज महापौर मीनल चौबे को ज्ञापन सौंपकर रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत दिवंगत पत्रकारों के निवास स्थल के आसपास स्थित प्रमुख सड़क, चौक, तिराहा अथवा गली का नामकरण उनके नाम पर करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

रायपुर प्रेस क्लब ने प्रथम चरण में 26 दिवंगत पत्रकारों के नाम प्रस्तावित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान, सामाजिक सरोकारों और जनहित के लिए किए गए कार्यों को सम्मान देना तथा उनकी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। प्रेस क्लब ने आग्रह किया है कि प्रस्ताव पर विचार कर इसे एमआईसी (महापौर परिषद) में पारित कराया जाए और आगे सामान्य सभा के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की जाए।

प्रेस क्लब का मानना है कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने, जनमत निर्माण करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके नाम पर सड़कों और चौक-चौराहों का नामकरण उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही नई पीढ़ी को सकारात्मक पत्रकारिता और समाज सेवा के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगा।

प्रथम चरण में प्रस्तावित नामों में स्व. विष्णु सिन्हा, स्व. अनल शुक्ला, स्व. रम्मू श्रीवास्तव, स्व. सत्येंद्र गुमास्ता, स्व. बसंत तिवारी, स्व. अश्विनी शर्मा, स्व. सुरेश तिवारी, स्व. कुमार साहू, स्व. कमल ठाकुर, स्व. गोपाल वोरा, स्व. एम.ए. जोसेफ, स्व. बसंत दीवान, स्व. कुलदीप निगम, स्व. देवेंद्र कर, स्व. विनय शर्मा, स्व. योगेश यदु, स्व. ठाकुर दिगंबर सिंह, स्व. विद्या शंकर शुक्ल, स्व. के.के. सिंह, स्व. जगदीश यादव, स्व. संजीत त्रिपाठी, स्व. भूपेंद्र टिकरिहा, स्व. नईम शिरो, स्व. आबिद अली और स्व. रमेश अवस्थी  सुखनंदन बंजारे, विकल्प शुक्ला शामिल हैं।

रायपुर प्रेस क्लब ने महापौर से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का अनुरोध किया है, ताकि पत्रकारिता जगत की इन विभूतियों के योगदान को शहर की पहचान और स्मृतियों का स्थायी हिस्सा बनाया जा सके।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के  अध्यक्ष मोहन तिवारी , महासचिव गौरव शर्मा उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े,वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा,  रविंद्र ठेंगड़ी,  राजेंद्र निगम, सत्येंद्र कर शंकर चंद्राकर, जाकिर घुड़सेना, मनीष वोरा , एवं अन्य पत्रकार गण मौजूद रहे ।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की सौजन्य मुलाकात

No comments Document Thumbnail

रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन में मिली सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। 

मुख्यमंत्री साय ने लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि प्रेस क्लब जनहित के मुद्दों को जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ाएगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप कुमार साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े उपस्थित थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.