Media24Media.com: विकासखंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका में किया शानदार प्रदर्शन

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

विकासखंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका में किया शानदार प्रदर्शन

Document Thumbnail

आरंग- गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल, आरंग में गुरुवार को विकासखंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के आठ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए संसदीय कार्यवाही का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 200 विद्यार्थियों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवा संसद केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवंत लोकतंत्र एवं संवैधानिक मूल्यों को गहराई से समझने की उत्कृष्ट कार्यशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से विचारशील एवं ऊर्जावान युवा बनकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने ध्यानाकर्षण प्रक्रिया, साइबर सुरक्षा, परिवहन विकास, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, नारी सशक्तिकरण, जलवायु प्रदूषण नियंत्रण, मोबाइल के बढ़ते दुष्प्रभाव तथा ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संसद की कार्यवाही का निर्भीकता और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने संसदीय परंपराओं, संवाद, तर्क-वितर्क और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे, नोडल प्राचार्य संध्या रानी बारीक एवं सरोजनी केरकेट्टा, गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य हरेश दास तथा संकुल समन्वयक हरीश दीवान की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अरविंद वैष्णव एवं महेंद्र पटेल ने किया। वहीं, कार्यक्रम के नोडल स्मिता रघुवंशी एवं मनोज शर्मा ने आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में व्याख्याता मितांजली महंती, महेश अग्रवाल, बबिता देब एवं मनहरण यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर शिक्षक मधु महानंद, हरमन बघेल, संकुल समन्वयक अभिषेक तिवारी, संतोष सोनी, वर्षारानी पाटकर, रजत पांडे, हरिनारायण साहू, सत्येंद्र त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पीएमश्री शासकीय अरुंधति देवी उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का चयन

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पीएमश्री शासकीय अरुंधति देवी उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस उपलब्धि से विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा। युवा संसद प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।


Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.