Media24Media.com: जातिवाद खत्म हो जाए तो आरक्षण छोड़ने को तैयार : रामदास आठवले

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

जातिवाद खत्म हो जाए तो आरक्षण छोड़ने को तैयार : रामदास आठवले

Document Thumbnail

 रायपुर। देश में आरक्षण को लेकर जारी बहस के बीच केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि यदि देश से जातिवाद और जातिगत भेदभाव पूरी तरह खत्म हो जाए, तो वे आरक्षण छोड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में जातिगत असमानता और भेदभाव मौजूद है, तब तक आरक्षण की व्यवस्था जारी रहनी चाहिए।


छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की सामाजिक और ऐतिहासिक परिस्थितियों को देखते हुए संविधान में वंचित वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है। संविधान ने अस्पृश्यता को समाप्त किया है, लेकिन इसके बावजूद दलितों और आदिवासियों के साथ भेदभाव और अत्याचार की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में सामाजिक बराबरी हासिल होने तक आरक्षण की जरूरत बनी रहेगी।

आरक्षण बराबरी का माध्यम

आठवले ने कहा कि आरक्षण केवल शिक्षा और रोजगार में अवसर देने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि लंबे समय से सामाजिक रूप से वंचित वर्गों को बराबरी का अवसर उपलब्ध कराने का माध्यम भी है। उन्होंने आरक्षण का विरोध करने वालों से देश में सामाजिक असमानता की वास्तविक स्थिति को समझने की अपील की।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ने दलितों के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास सरकार की आलोचना और टिप्पणी करने के अलावा कोई ठोस भूमिका नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तेजी से विकास होने का दावा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार दलितों, आदिवासियों और अन्य वंचित वर्गों के हित में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर केंद्र सरकार का जोर है। सरकार का उद्देश्य वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

रायपुर-बिलासपुर में कार्यक्रम

आठवले ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर और बिलासपुर में उनके विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित हैं। रायपुर में नगर निगम के अधिकारियों के साथ सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण से जुड़ी केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर बैठक होगी। बैठक में योजनाओं की प्रगति और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। साथ ही लाभार्थियों को मिल रहे योजनाओं के लाभ और क्रियान्वयन की स्थिति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.