Media24Media.com: 30 हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, खेतों में धान की फसल रौंदी; दंतैल ने तोड़ा कच्चा मकान

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

30 हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, खेतों में धान की फसल रौंदी; दंतैल ने तोड़ा कच्चा मकान

Document Thumbnail

 कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल में हाथियों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। केंदई, एतमानगर और जटगा रेंज के बाद करीब 30 हाथियों का झुंड अब पसान रेंज के लैंगी, मोहनपुर और बनिया क्षेत्र में पहुंच गया है। हाथियों के अलग-अलग दलों में बंटकर पांच से अधिक स्थानों पर विचरण करने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।


खेतों में घुसे हाथी, धान की फसल को नुकसान

बीती रात हाथियों ने ग्रामीण क्षेत्रों के खेतों में पहुंचकर धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हाथी अब दिन में भी खेतों में पहुंचकर फसल खा रहे हैं, जबकि रात के समय गांवों के आसपास उनकी मौजूदगी देखी जा रही है। इससे किसानों को फसल नुकसान की चिंता सताने लगी है।

वन क्षेत्रों के आसपास लगातार हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। खासकर रात के समय ग्रामीणों को घर से बाहर निकलने और खेतों की ओर जाने में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

झुंड से अलग दंतैल ने कच्चा मकान तोड़ा

पसान क्षेत्र में झुंड से अलग घूम रहे एक दंतैल हाथी ने मोहनपुर और पोड़ीकला के बीच थुहानाला के पास एक ग्रामीण के कच्चे मकान को नुकसान पहुंचाया। रात के समय हाथी ने मकान को कई जगह से क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के दौरान मकान मालिक परदेशी अपने परिवार के साथ घर के एक कमरे में डरे-सहमे बैठे रहे। हाथी के हमले से मकान को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

अकेले घूम रहे दंतैल से ग्रामीणों को ज्यादा खतरा

ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों का बड़ा झुंड आमतौर पर गांवों के ज्यादा नजदीक नहीं आता, लेकिन झुंड से अलग होकर घूमने वाले दंतैल हाथियों की मौजूदगी अधिक जोखिम वाली होती है। पसान रेंज में सक्रिय हाथियों के दल में दो हाथियों के अकेले घूमने की भी जानकारी सामने आई है।

लगातार स्थान बदलने के कारण इन हाथियों की निगरानी वन विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, गांवों में मुनादी

हाथियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। हाथियों की मौजूदगी वाले गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा रात के समय अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की है। विभागीय टीमें हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर रख रही हैं।

करतला रेंज में भी 9 हाथियों की मौजूदगी

कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 9 हाथियों की मौजूदगी की जानकारी सामने आई है। ये हाथी बेहरसुआं क्षेत्र में पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले इनकी मौजूदगी लबेद के आसपास थी। वहीं चिकनीपाली के पहाड़ पर भी 9 हाथियों का एक दल मौजूद बताया जा रहा है।

जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में हाथियों की सक्रियता के बीच वन विभाग के सामने उनकी निगरानी के साथ ग्रामीणों और फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती बनी हुई है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.