Media24Media.com: नवविवाहिता की मौत का 48 घंटे में खुलासा, पति ने रस्सी से गला घोंटकर की थी हत्या

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नवविवाहिता की मौत का 48 घंटे में खुलासा, पति ने रस्सी से गला घोंटकर की थी हत्या

Document Thumbnail

 धमतरी। जिले के सुपेला गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। महिला ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसके पति ने ही नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में हत्या की साजिश सामने आ गई।


जन्माष्टमी के दिन मिली थी आत्महत्या की सूचना

मामला भखारा थाना क्षेत्र के सुपेला गांव का है। 5 सितंबर, जन्माष्टमी के दिन पुलिस को वीणा उर्फ बबली ठाकुर के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

जांच के दौरान महिला के गले पर पतली वस्तु या बारीक कपड़े से गला घोंटे जाने जैसे निशान मिले। वहीं मृतिका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू ने पुलिस को बताया कि वह खेत से लौटने के बाद पत्नी के कमरे में गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे कमरे में पहुंचने पर पत्नी संदिग्ध हालत में मिली। परिजनों ने पहले इसे दिल का दौरा समझकर डॉक्टर को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

मायके पक्ष ने जताया था हत्या का संदेह

घटना के बाद मायके पक्ष ने महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत मानववध (Homicidal) पाए जाने के बाद पुलिस ने आत्महत्या के बजाय हत्या के एंगल से जांच शुरू की।

पूछताछ में पति ने कबूला जुर्म

जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के पति विवेक ध्रुव को थाने बुलाकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी के मोबाइल फोन के जरिए किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।

हत्या के बाद रची आत्महत्या की कहानी

पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी घबरा गया। पुलिस के मुताबिक, कानून से बचने के लिए उसने शव को फंदे पर लटका दिया और पूरी घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी कहानी की पोल खोल दी।

आरोपी पति के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने विवेक ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस की त्वरित जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के पीछे छिपी हत्या की पूरी कहानी 48 घंटे के भीतर सामने आ गई।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.