Media24Media.com: चाय की होटल में भाजपा नेता पर चाकू से हमला, गर्दन पर किया वार; आरोपी फरार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

चाय की होटल में भाजपा नेता पर चाकू से हमला, गर्दन पर किया वार; आरोपी फरार

Document Thumbnail

 दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में शनिवार सुबह भाजपा नेता राजेंद्र यादव पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र यादव रोजाना की तरह एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान उनका पुराना दोस्त वहां पहुंचा और पीछे से उनकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।


अचानक हुए हमले से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी भाजपा नेता पर हमला करता नजर आ रहा है।

3-4 साल से बंद थी दोनों की बातचीत

घायल राजेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उनकी पहले अच्छी दोस्ती थी, लेकिन पिछले 3-4 वर्षों से दोनों के बीच बातचीत नहीं थी। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि उनके और आरोपी के बीच किसी तरह की दुश्मनी या पुरानी रंजिश नहीं थी।

हमले में घायल राजेंद्र यादव को उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सामने आए वीडियो फुटेज को भी जांच में शामिल किया है। आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जोरातराई गांव में दो लोगों के बीच मारपीट की घटना हुई है। इसमें एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.