Media24Media.com: बैंक ग्राहकों को बनाया निशाना, गोल्ड ETF में निवेश के नाम पर ठगी; मैनेजर गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बैंक ग्राहकों को बनाया निशाना, गोल्ड ETF में निवेश के नाम पर ठगी; मैनेजर गिरफ्तार

Document Thumbnail

 दुर्ग। निवेश के नाम पर लोगों से ठगी के मामले में सुपेला पुलिस ने HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने बैंक पद का कथित तौर पर फायदा उठाकर बड़ी रकम वाले खाताधारकों की जानकारी जुटाई और उन्हें गोल्ड ETF में निवेश के नाम पर हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया। मामले का मुख्य आरोपी योगेश साहू पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।


पुलिस के अनुसार, राजकुमार तिवारी बड़े बैंक खातों वाले ग्राहकों से संपर्क करता था और उन्हें गोल्ड ETF में निवेश करने पर भारी मुनाफे का लालच दिया जाता था। निवेशकों से चेक के माध्यम से रकम लेकर उसे मुख्य आरोपी योगेश साहू के बैंक खाते में जमा कराने का आरोप है।

शुरुआत में दिया मुनाफा, फिर बंद हुआ भुगतान

पुलिस के मुताबिक, निवेशकों का भरोसा कायम रखने के लिए शुरुआत में राजकुमार तिवारी के खाते से लाभांश की रकम भी भेजी जाती थी। कुछ समय बाद लाभांश का भुगतान बंद हो गया। इसके बाद निवेशकों को रकम वापस करने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।

15 लाख रुपये निवेश करने के बाद सामने आया मामला

मामले की शिकायत सेक्टर-7, भिलाई निवासी राजू नामदेव ने सुपेला थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अन्य ग्राहकों के बैंक स्टेटमेंट दिखाकर निवेश योजना को भरोसेमंद बताया था। इसके बाद राजू नामदेव ने 21 मार्च 2025 को 15 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर किए।

शुरुआत में उन्हें लाभांश की रकम मिली, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। जांच के दौरान उन्हें पता चला कि अन्य निवेशकों से भी इसी तरह रकम लेने का आरोप है।

कई निवेशकों के बयान और दस्तावेजों की जांच

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख समेत अन्य निवेशकों के बयान दर्ज किए और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। बैंक खातों की जांच में राजकुमार तिवारी की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच

पुलिस अब इस कथित निवेश योजना से जुड़े अन्य लोगों और संबंधित बैंक खातों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.