Media24Media.com: राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा, महिला ने 82.63 लाख ठगे, गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा, महिला ने 82.63 लाख ठगे, गिरफ्तार

Document Thumbnail

 बिलासपुर। राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद और ज्वाइनिंग दिलाने का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपये की ठगी करने के आरोप में सरकंडा पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निखत परवीन शाबरी उर्फ निक्की, निवासी खोंगापानी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को झगराखांड-खोंगापानी क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


फेसबुक पर हुई थी पहचान

पुलिस के मुताबिक श्री विहार, सरकंडा निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के जरिए आरोपी महिला से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को एक राष्ट्रीय पार्टी की कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से संपर्क होने का दावा किया। शुरुआत में उसने जमीन विवाद सुलझाने में मदद का भरोसा देकर प्रार्थी का विश्वास हासिल किया।

इसके बाद महिला ने राजनीति में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा दिया। पार्टी फंड और अन्य कागजी प्रक्रियाओं के नाम पर उसने प्रार्थी और उसके परिचितों से अलग-अलग माध्यमों से रकम ली।

प्रार्थी और दोस्तों से लिए 82.63 लाख

पुलिस के अनुसार आरोपी ने चेतन आनंद दुबे के अलावा उनके दोस्तों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों से रकम ट्रांसफर कराई। कुछ राशि नकद भी ली गई। इस तरह कुल 82,63,194 रुपये लिए जाने का आरोप है।

जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद प्रार्थी ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

विशेष टीम ने आरोपी को पकड़ा

शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1376/2026 के तहत धारा 318(4) BNS में मामला दर्ज किया। पुलिस की विशेष टीम ने झगराखांड-खोंगापानी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और बायोडाटा जब्त किया गया। जांच के दौरान आपराधिक इतिहास सामने आने पर मामले में धारा 119(1) BNS भी जोड़ी गई है।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ झगराखांड थाने में मारपीट, वसूली और जुआ एक्ट से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा रायपुर के सिविल लाइन थाने में भी वसूली का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

फिलहाल पुलिस ठगी की रकम, आरोपी के संपर्कों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.