Media24Media.com: Asian Games 2026: नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, भारत को मिला 5वां गोल्ड

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

Asian Games 2026: नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, भारत को मिला 5वां गोल्ड

Document Thumbnail

 नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिलाओं की ट्रैप शूटिंग की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को प्रतियोगिता का पांचवां गोल्ड दिलाया। नीरू एशियाई खेलों के इतिहास में महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं। उनके प्रदर्शन के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 47 पहुंच गई है।


28 सटीक निशानों के साथ बनाया रिकॉर्ड

फाइनल में नीरू ढांडा ने 30 में से 28 निशाने सटीक लगाए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। चीन की सुन युनगोंग ने 26 के स्कोर के साथ रजत, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

नीरू इससे पहले भी शानदार फॉर्म में थीं। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 50 में से 48 निशाने साधकर शीर्ष खिलाड़ियों में जगह बनाई थी।

महिला ट्रैप टीम ने जीता रजत

भारत को महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भी रजत पदक मिला। नीरू ढांडा, मनीषा कीर और आशिमा अहलावत की भारतीय टीम ने 328 का स्कोर किया। चीन की टीम 346 अंक के साथ पहले स्थान पर रही और स्वर्ण पदक जीता।

1 अक्टूबर को श्रीलंका से सेमीफाइनल

पुरुष क्रिकेट में भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगी। मुकाबला 1 अक्टूबर को खेला जाएगा। बारिश के कारण भारत-अफगानिस्तान का क्वार्टर फाइनल नहीं हो सका था, जिसके बाद भारत ने बेहतर रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाई। बारिश ने एशियन गेम्स के कार्यक्रम को कई खेलों में प्रभावित किया है।

बॉक्सिंग में भारतीय खिलाड़ियों पर नजर

एशियन गेम्स के 10वें दिन भारतीय बॉक्सरों के लिए भी महत्वपूर्ण मुकाबले हैं। कई भारतीय मुक्केबाज पहले ही पदक पक्का कर चुके हैं और अब सेमीफाइनल में उतरेंगे। सेमीफाइनल में जीत दर्ज करने पर वे अपने पदक का रंग बदलने की कोशिश करेंगे।

तीरंदाजी में नीरज और धीरज क्वार्टर फाइनल में

रिकर्व तीरंदाजी के पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में भारत के नीरज ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने दक्षिण कोरिया के किम जे ड्योक को 6-4 से हराया। उनके अलावा धीरज बोमदेवरा भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.