Media24Media.com: विदेशी छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 30 दिन में सुरक्षित हॉस्टल में शिफ्ट करने के निर्देश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

विदेशी छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 30 दिन में सुरक्षित हॉस्टल में शिफ्ट करने के निर्देश

Document Thumbnail

 रायपुर। विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सोमवार को रायपुर कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विदेशी छात्रों के आवास, आवागमन, निगरानी और प्रशासन-पुलिस के साथ समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


30 दिन में सुरक्षित हॉस्टल में शिफ्ट करने के निर्देश

बैठक में प्रशासन ने ऐसे विदेशी विद्यार्थियों को अगले 15 से 30 दिनों के भीतर सुरक्षित छात्रावास में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, जो वर्तमान में हॉस्टल से बाहर निजी मकान, पीजी या अन्य स्थानों पर रह रहे हैं। संस्थानों को विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।

कलेक्टर और एसपी ने कहा कि विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी अप्रिय घटना की स्थिति बनने से पहले संभावित कारणों की पहचान कर आवश्यक निरोधात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

शिकायतों की निगरानी और काउंसलिंग पर जोर

बैठक में बताया गया कि विदेशी विद्यार्थियों से संबंधित कुछ शिकायतें प्रशासन और पुलिस को प्राप्त होती रही हैं। इसे देखते हुए विश्वविद्यालयों को अपने स्तर पर निगरानी, काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी विद्यार्थी के खिलाफ उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय कानूनों की जानकारी देने के निर्देश

विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों के लिए नियमित ओरिएंटेशन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है। इन कार्यक्रमों में भारतीय कानून, स्थानीय सामाजिक व्यवहार, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और नशीले पदार्थों सहित कानून-विरोधी गतिविधियों से बचने की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों से भी विदेशी विद्यार्थियों के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील व्यवहार रखने की अपील की गई।

विदेशी छात्रों का रिकॉर्ड अपडेट रखने पर जोर

सभी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को विदेशी विद्यार्थियों की अद्यतन और सत्यापित जानकारी व्यवस्थित रूप से रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें विद्यार्थियों की संख्या, देश, पाठ्यक्रम, प्रवेश की स्थिति, हॉस्टल या आवास का विवरण और आवश्यक संपर्क जानकारी शामिल है।

प्रशासन ने कहा कि विदेशी विद्यार्थियों के आगमन से लेकर उनकी अध्ययन अवधि और आवास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी का रिकॉर्ड लगातार अपडेट रखा जाए। किसी बड़े बदलाव की सूचना संबंधित अधिकारियों को समय पर देने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रशासन ने विश्वविद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील की, ताकि रायपुर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखा जा सके।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.