Media24Media.com: शासकीय स्कूलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास : कलेक्टर महोबे

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

शासकीय स्कूलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास : कलेक्टर महोबे

Document Thumbnail

वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में पांचवां प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कॅरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित, 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

जांजगीर-चांपा- खरौद के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में पांचवां ‘प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कॅरियर मार्गदर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में खरौद के शासकीय प्राथमिक, मिडिल और हायर सेकेंडरी स्कूल के 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं सहित खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल 42 प्रतिभाओं को सम्मान मिला। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर जन्मेजय महोबे रहे। जिला पंचायत के सीईओ विनय पोयाम अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि समारोह की अध्यक्षता एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने की। विशिष्ट अतिथियों में पामगढ़ एसडीएम आरके तम्बोली, चांपा की माउंटेनियर अमिता श्रीवास, 12वीं की टॉपर छात्रा खुशबू देवांगन, ड्रोन दीदी हेमलता मनहर, स्कूल जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष धनेश्वरी आदित्य, केवराबाई सिदार, पार्षद डॉ. हरेकृष्ण साहू और वरिष्ठ नागरिक सुबोध शुक्ला मौजूद रहे।

कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू स्मृति आयोजन समिति खरौद के संयोजक राजकुमार साहू ने दी।

लक्ष्य तय कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ें विद्यार्थी : कलेक्टर

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि शासकीय स्कूलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह का आयोजन एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने आयोजन समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों से विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो सराहनीय है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य पर फोकस करें। जीवन में किस क्षेत्र में आगे बढ़ना है, इसे पहले तय करना चाहिए और फिर उसी दिशा में लगातार मेहनत एवं प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने से सफलता की राह आसान होती है।

सम्मान से विद्यार्थियों को मिलता है प्रोत्साहन : सीईओ

जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम ने कहा कि किसी मंच पर विद्यार्थियों को सम्मान मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।

कॅरियर को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

समारोह की अध्यक्षता कर रहे एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने विद्यार्थियों को कॅरियर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से उनमें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा पैदा होती है।

उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूल में इस तरह का आयोजन होना महत्वपूर्ण है और आयोजन समिति की यह पहल आगे भी जारी रहनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को कॅरियर निर्माण की दिशा में आगे भी मार्गदर्शन और सहयोग देने की बात कही। इस दौरान उन्होंने साइबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विद्यार्थियों से चर्चा की।

पामगढ़ एसडीएम आरके तम्बोली ने कहा कि इस तरह के आयोजन हर स्कूल में होने चाहिए। उन्होंने कहा कि खरौद में पिछले पांच वर्षों से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है और सभी को इससे जुड़कर कार्यक्रम को सफल बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं के सम्मान से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं।

माउंटेनियर, टॉपर छात्रा और ड्रोन दीदी ने साझा किए अनुभव

कॅरियर मार्गदर्शन सत्र में चांपा की माउंटेनियर अमिता श्रीवास ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि माउंट एवरेस्ट फतह करने के लिए उन्होंने करीब आठ वर्षों तक कठिन मेहनत की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए सबसे पहले लक्ष्य तय करना जरूरी है। इसके बाद सही मार्गदर्शन और पूरी लगन के साथ लक्ष्य की दिशा में मेहनत करनी चाहिए।

12वीं की टॉपर छात्रा खुशबू देवांगन ने बताया कि उन्होंने कॉमर्स विषय से पढ़ाई कर मेरिट में स्थान हासिल किया। उन्होंने कहा कि मेहनत और पढ़ाई की सही प्लानिंग से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बताया कि 10वीं की मेरिट में कुछ अंकों से चूकने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और 12वीं में मेरिट में स्थान बनाया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और पढ़ाई का शेड्यूल बनाने की सलाह दी।

वहीं ड्रोन दीदी हेमलता मनहर ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए कहा कि एक समय वह घर की चारदीवारी में रहकर परिवार संभालती थीं, लेकिन परिवार के सहयोग और अपने प्रयासों से आज जिले की पहली ड्रोन दीदी के रूप में पहचान बना चुकी हैं और लखपति दीदी के रूप में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, खुद पर भरोसा बनाए रखना चाहिए और जिस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, उसमें पूरी ताकत से मेहनत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी उपलब्धि के बाद मिलने वाला सम्मान खुशी देता है, लेकिन किसी विद्यार्थी की सफलता परिवार के लिए सबसे गौरव का क्षण होती है।

इन प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में शासकीय प्राथमिक स्कूल खाल्हेपारा के 5वीं कक्षा के मयंक कुमार यादव, मोचन रात्रे और सुशांत नोनिया तथा प्राथमिक शाला शुकुलपारा की मोहनी साहू, धानी आदित्य और संतोष आदित्य को सम्मानित किया गया।

मिडिल स्कूल शुकुलपारा की 8वीं कक्षा की यसीता आदित्य, जोनिका बर्मन और संध्या यादव का भी सम्मान हुआ।

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के 10वीं कक्षा के पुष्पा साहू, तरुण कुमार चौहान और वीणा नोनिया तथा 12वीं कक्षा के हिमेश कुमार आदित्य, अनिशा खूंटे, भूमि काटले, गगन साहू, दिव्या आदित्य, वंशिका नोनिया, यंकिता नोनिया, टुकेश्वर साहू और रिया सिदार को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में आयोजित नेशनल ड्राप रो बॉल प्रतियोगिता में शामिल होनहार खिलाड़ियों भानू सिदार, देवव्रत भारद्वाज और पीयूष बंजारा को भी सम्मानित किया गया। 10वीं कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 14 विद्यार्थियों तथा 12वीं के चार छात्र-छात्राओं को भी सम्मान प्रदान किया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सीएमओ सत्यनारायण देवांगन, इंदलदेव समिति के अध्यक्ष कृष्णकुमार आदित्य, विजय कुमार मनहर, अजीत बंजारे, शिक्षक रामस्वरूप साहू, धन्यसाय साहू, राजेन्द्र कंवर, जागेश्वर सिदार, प्रकाश साहू, हिमांशु, विकास साहू, व्याख्याता एचएल धृतलहरे, दिलीप कुमार मिश्रा, सालिकराम कश्यप, डीसी देवांगन, भूमिका यादव, विवेक तिवारी, सोमनाथ कश्यप, लिपिक सचिन मिश्रा, अजय कश्यप, संकुल समन्वयक उपेन्द्र सिंह ध्रुव, मिडिल स्कूल शुकुलपारा के प्रधान पाठक डीके कश्यप, शिक्षक गोरेलाल कश्यप, नीलकमल साहू, रविशंकर यादव, सुरेश सिंह, भृत्य सुदामा सिदार और प्रेम आदित्य सहित शिक्षक, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन जया अग्रवाल, चांपा ने किया तथा आभार प्रदर्शन स्कूल के प्राचार्य आरके गोस्वामी ने किया।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.