Media24Media.com: RAIPUR NEWS : माइग्रेन ठीक करने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, नौकरी के नाम पर 44 लाख ऐंठे

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

RAIPUR NEWS : माइग्रेन ठीक करने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, नौकरी के नाम पर 44 लाख ऐंठे

Document Thumbnail

 रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर क्षेत्र से महिला को बीमारी ठीक करने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर दुष्कर्म और करीब 44 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मध्यप्रदेश निवासी आशाराम चौधरी ने खुद को बैगा बताकर महिला का माइग्रेन ठीक करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे अलग-अलग किस्तों में करीब 44 लाख रुपये ले लिए। महिला ने आरोपी पर दुष्कर्म करने और घटना की जानकारी किसी को देने पर बदनाम करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।


पीड़िता की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने आरोपी आशाराम चौधरी के खिलाफ दुष्कर्म, ठगी और धमकी से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

बीमारी ठीक करने के बहाने बनाया भरोसा

जानकारी के मुताबिक पीड़िता एक शासकीय कर्मचारी की पत्नी है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसे माइग्रेन की शिकायत थी। इसी दौरान उसकी पहचान मध्यप्रदेश निवासी आशाराम चौधरी से हुई, जो अभनपुर में किराए के मकान में रहता था।

महिला का आरोप है कि आशाराम ने खुद को बैगा बताते हुए झाड़-फूंक और अन्य तरीकों से उसकी बीमारी ठीक करने का दावा किया। बीमारी ठीक करने के बहाने उसने महिला का विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद वह महिला को नौकरी और भविष्य से जुड़ी बातों का हवाला देकर अपने प्रभाव में लेने लगा।

नौकरी लगवाने का झांसा, 44 लाख रुपये लिए

पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद अलग-अलग वजहों से उससे रकम की मांग की गई। महिला ने आरोपी को अलग-अलग किस्तों में करीब 44 लाख रुपये दे दिए। हालांकि, इसके बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगी और आरोपी ने रकम वापस करने से इनकार कर दिया।

दुष्कर्म के बाद धमकी देने का आरोप

महिला ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसने किसी को बताने या पुलिस में शिकायत करने पर बदनाम करने की धमकी दी। सामाजिक लोक-लाज और आरोपी की धमकी के चलते महिला ने लंबे समय तक घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।

नौकरी नहीं लगने और रकम वापस नहीं मिलने पर जब महिला ने आरोपी से पैसे लौटाने की मांग की तो उसने कथित तौर पर रकम लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी दी।

पति को बताई पूरी बात, फिर थाने पहुंची महिला

काफी समय तक परेशान रहने के बाद पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद वह पति के साथ अभनपुर थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी आशाराम चौधरी फरार हो गया। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले में महिला के आरोपों और पैसों के लेनदेन समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.