Media24Media.com: नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, परिजनों ने पति पर लगाया एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, परिजनों ने पति पर लगाया एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप

Document Thumbnail

 दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी रवीना यादव के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले विपुल यादव से हुई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति के विवाहेतर संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) को मौत की वजह बताया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


देर रात 17 बार किया फोन, नहीं मिला जवाब

पुलिस के अनुसार, घटना 14 अगस्त की रात की है। मृतका के मामा साहब लाल यादव ने आरोप लगाया कि उस रात रवीना और उसका पति घर पर मौजूद थे, तभी एक महिला वहां पहुंची जिसे कथित तौर पर पति की प्रेमिका बताया जा रहा है। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। परिजनों का दावा है कि विवाद के बाद रवीना को कमरे में बंद कर पति उस महिला के साथ बाहर चला गया। इसके बाद रवीना ने रात 12 से 2 बजे के बीच अपने पति को करीब 17 बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

कथित प्रेमिका से 15 मिनट हुई थी बात

परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से पहले रात करीब 8:30 बजे रवीना की उस महिला से फोन पर लगभग 15 मिनट बात हुई थी। बातचीत के दौरान रवीना अत्यधिक तनाव में थी और उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की बात भी कही थी। इसके बाद रवीना ने कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

नवविवाहिता का मामला होने के कारण महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई और उतई पुलिस ने धारा 194 BNSS के तहत मर्ग कायम किया। 15 अगस्त की सुबह परिजनों को सूचना मिलने पर वे जौनपुर से दुर्ग पहुंचे। 16 अगस्त को महिला डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद पिता लल्लन यादव व अन्य परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए।

कॉल डिटेल और मोबाइल खंगाल रही पुलिस

पुलिस फिलहाल मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.