Media24Media.com: नेपाल आपदा: छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई, 2 अब भी लापता, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने बढ़ाई निगरानी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नेपाल आपदा: छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई, 2 अब भी लापता, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने बढ़ाई निगरानी

Document Thumbnail

रायपुर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में फंसे या लापता नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है।


अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति स्पष्ट हुई है। इनमें दो नागरिकों के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं, बिलासपुर की प्रियंका चौधरी और सरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता के लापता होने की सूचना है। दोनों की तलाश के लिए संबंधित एजेंसियों से समन्वय किया जा रहा है।

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन के अनुसार, अब उनके परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। उनकी स्थिति के संबंध में संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गईं मंजू की भी जानकारी मिली

बिलासपुर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। प्रशासन के अनुसार, उनके परिजनों से भी संपर्क स्थापित हो गया है। उपलब्ध जानकारी का सत्यापन करने के साथ आवश्यक समन्वय किया जा रहा है।

प्रियंका और डॉ. मीना अब भी लापता

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं।

वहीं, सरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, भी नेपाल में लापता बताई जा रही हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित

रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। सभी पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय

राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है। नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए रखा गया है।

सरकार ने अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सरकार ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हेल्पलाइन नंबर

टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
कंट्रोल रूम: 0771-2223471

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.