Media24Media.com: न्यायधानी में आधी रात हंगामा: दो पक्ष भिड़े, जमकर चले ईंट-पत्थर; पुलिस पर भी हमला

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

न्यायधानी में आधी रात हंगामा: दो पक्ष भिड़े, जमकर चले ईंट-पत्थर; पुलिस पर भी हमला

Document Thumbnail

 बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी (TI) रविशंकर तिवारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कुछ युवकों को भी चोटें आई हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके का है।


विवाद के बाद दोनों पक्षों में पथराव

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान एक पक्ष के युवक द्वारा दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट किए जाने के बाद मामला और बिगड़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस पर भी हुआ पथराव

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिस पर भी पथराव किया गया। पथराव में तारबाहर TI रविशंकर तिवारी के सिर में चोट आई है। इसके अलावा कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। वहीं, तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की जानकारी सामने आई है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और कई बार युवकों को मौके से खदेड़ा। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।

कलेक्टर-एसएसपी ने संभाला मोर्चा

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

विधायक सुशांत शुक्ला समेत स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों के साथ बैठक कर युवकों को समझाइश दी। देर रात तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खपरगंज और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.