Media24Media.com: शादी का झांसा, लड़की की बदली आवाज और लाखों की ठगी! मामा-भांजे का साइबर गैंग गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

शादी का झांसा, लड़की की बदली आवाज और लाखों की ठगी! मामा-भांजे का साइबर गैंग गिरफ्तार

Document Thumbnail

 जांजगीर-चांपा। मैट्रिमोनियल साइट और फोन के जरिए शादी का रिश्ता तय कराने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोपी ब्लूटूथ और वॉयस चेंजिंग हेडफोन की मदद से लड़की की आवाज में बात कर युवकों को अपने जाल में फंसाते थे। मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मामा-भांजे को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू (26) और उसके भांजे सोनू साहू (20) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, वॉयस चेंजिंग हेडफोन, व्हाट्सऐप चैट से जुड़े दस्तावेज और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के प्रचार-प्रसार से संबंधित फ्लेक्सी-पंपलेट बरामद किए गए हैं।

शिकायत के बाद सामने आया ठगी का मामला

मामले का खुलासा अजय राठौर की साइबर थाने में दर्ज शिकायत के बाद हुआ। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति अजय के पास पहुंचा और इमरजेंसी का हवाला देते हुए इलाज के लिए तत्काल नकद राशि की जरूरत बताई। आरोपी ने अजय के बैंक खाते में 2 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और बदले में उनसे नकद राशि ले ली।

इसके तीन-चार दिन बाद अजय का बैंक खाता होल्ड हो गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सोनू साहू की यूपीआई आईडी से ट्रांसफर की गई रकम साइबर ठगी से जुड़ी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

लड़की की आवाज में करते थे बातचीत

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे वर्ष 2025 से इस तरह की ठगी में सक्रिय थे। आरोपी ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के नाम से प्रचार करते थे। शादी के लिए कोई युवक संपर्क करता था तो आरोपी विशेष हेडफोन और वॉयस चेंजिंग तकनीक के जरिए लड़की की आवाज में उससे बातचीत करते थे।

बातचीत के जरिए विश्वास जीतने के बाद आरोपी पंजीयन, रिश्ता पक्का करने और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम अपने और रिश्तेदारों के बैंक खातों में मंगाते थे। रकम प्राप्त होते ही आरोपी मोबाइल बंद कर संपर्क से बाहर हो जाते थे।

कितने लोगों से हुई ठगी, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और गिरोह ने कुल कितनी रकम की ठगी की है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.