Media24Media.com: पुलिस भर्ती का झांसा, 12 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पुलिस भर्ती का झांसा, 12 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 दुर्ग। पुलिस आरक्षक के पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में उतई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नौकरी नहीं लगने और रकम वापस नहीं मिलने के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


मामला उतई थाना क्षेत्र के सेलूद का है। सेलूद निवासी गैंदलाल बंछोर ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में बेमेतरा जिले के अतरिया निवासी उमेश दास मानिकपुरी ने उसके बेटे विकास बंछोर को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का भरोसा दिलाया था।

आरोप है कि सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर उमेश दास ने गैंदलाल से अलग-अलग समय पर किस्तों में कुल 12 लाख रुपये लिए। रकम लेने के बाद काफी समय बीत गया, लेकिन युवक की नौकरी नहीं लगी। इसके बाद गैंदलाल ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी कथित तौर पर अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालता रहा।

न नौकरी लगी और न ही रकम वापस मिली। काफी इंतजार के बाद पीड़ित ने उतई थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू की और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद उतई पुलिस की टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उमेश दास मानिकपुरी और राजेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों से जुड़े बैंक खातों और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इनकी जांच के जरिए कथित ठगी और पैसों के लेन-देन से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.