Media24Media.com: फेसबुक विज्ञापन में दिग्गजों के फोटो से दिया झांसा, बीएसपी के पूर्व कर्मी से 45 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

फेसबुक विज्ञापन में दिग्गजों के फोटो से दिया झांसा, बीएसपी के पूर्व कर्मी से 45 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित भिलाई में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और प्रख्यात समाजसेवी सुधा मूर्ति जैसे दिग्गजों के नामों व तस्वीरों का दुरुपयोग कर फर्जी निवेश योजना बनाई और भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 45 लाख 18 हजार 998 रुपये की भारी-भरकम राशि ठग ली।


भिलाई नगर थाना पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से 24 वर्षीय आरोपी विशाल नागले को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड की सरगर्मी से तलाश जारी है।

फेसबुक एड से शुरू हुआ ठगी का जाल

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित जयंत बागची (61 वर्ष) हुडको भिलाई के निवासी हैं। वे भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त होने के साथ-साथ पूर्व में भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 10 मार्च 2026 को फेसबुक चला रहे थे, तभी उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन दिखा। विज्ञापन में देश की नामचीन हस्तियों के चेहरे और नाम का इस्तेमाल किया गया था, जिससे उन्हें इस योजना पर पूरा भरोसा हो गया। इसके बाद उन्होंने विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक कर अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया।

रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर ऐंठे 18 हजार

रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद कृतिका नाम की एक महिला ने उनसे संपर्क किया और खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने वरिष्ठ नागरिक होने का हवाला देते हुए रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 18,998 रुपये ऑनलाइन जमा करवा लिए। इसके बाद सिद्धार्थ विपुल नामक शख्स ने खुद को उनका 'अकाउंट मैनेजर' बताकर ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश की प्रक्रिया शुरू कराई। आरोपियों ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए दावा किया कि उनकी कंपनी का नेटवर्क ब्रिटेन, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में फैला हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय युद्ध का हवाला देकर कराया मोटा निवेश

पीड़ित से किस्तों में लाखों रुपये जमा कराए गए। 17 मार्च को 1 लाख रुपये, जबकि 24 और 25 मार्च को 5-5 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए गए। 26 मार्च को करण तनेजा नामक एक अन्य शख्स से बातचीत कराई गई, जिसने ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच जारी तनाव व युद्ध का हवाला दिया। उसने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और क्रूड ऑयल की कीमतें तेजी से बढ़ेंगी, इसलिए इसमें निवेश पर बड़ा मुनाफा होगा।

इसके बाद आरोपियों ने मार्जिन बढ़ाने, सोने-तेल में ट्रेडिंग और टैक्स चुकाने जैसे अलग-अलग बहानों से कुल मिलाकर 45.18 लाख रुपये से अधिक ऐंठ लिए। जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने चाहे, तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई जारी

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने भिलाई नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने मध्य प्रदेश के बैतूल से आरोपी विशाल नागले को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, कॉल डिटेल्स और गिरोह के अन्य मुख्य सरगनाओं की पड़ताल में जुटी हुई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.