Media24Media.com: दिल्ली दौरे से लौटे CM साय, रक्षाबंधन की दी शुभकामनाएं; नेपाल आपदा पर जताई चिंता

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दिल्ली दौरे से लौटे CM साय, रक्षाबंधन की दी शुभकामनाएं; नेपाल आपदा पर जताई चिंता

Document Thumbnail

 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली दौरे से रायपुर लौटे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ की त्रासदी बेहद दुखद है। आपदा के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद के लिए तैयार है।

नेपाल में फंसे लोगों के लिए कंट्रोल रूम

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल में फंसे या लापता लोगों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रभावित लोग या उनके परिजन इन माध्यमों से सरकार से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार नेपाल में संकट की स्थिति से प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मदद के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात

मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने बताया कि इस दौरान छत्तीसगढ़ और प्रदेश भाजपा संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

प्रदेश में भाजपा के नए संगठन प्रभारी की नियुक्ति के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश के लिए नए संगठन प्रभारी की नियुक्ति होना स्वाभाविक है।

ढाई साल के कामकाज पर जताया भरोसा

भाजपा सरकार के कामकाज को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार और संगठन स्तर पर बेहतर काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने करीब ढाई साल के कार्यकाल में विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरकार के कामकाज के आधार पर भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी और जनता का मजबूत समर्थन हासिल करेगी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.