Media24Media.com: नौकरी के नाम पर ठगी व धमकी से तंग युवक ने की खुदकुशी, मामा-मामी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नौकरी के नाम पर ठगी व धमकी से तंग युवक ने की खुदकुशी, मामा-मामी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 बिलासपुर। रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.5 लाख रुपये ठगने और पैसे वापस मांगने पर झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी से प्रताड़ित होकर एक युवक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मृतक के मामा और मामी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


मस्तूरी एसडीओपी डी.आर. धृतलहरे से मिली जानकारी के अनुसार, मामला थाना मस्तूरी क्षेत्र (मर्ग क्रमांक 40/26) का है। जांच में सामने आया कि ग्राम हिर्री निवासी राहुल साहू (22) ने रेलवे कैंटीन में नौकरी की उम्मीद में अपने मामा इंद्र कुमार उर्फ भवानी वैष्णव और मामी अंबिका वैष्णव को 1.5 लाख रुपये दिए थे।

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो राहुल ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। इस पर आरोपी मामा-मामी उसके साथ विवाद करने लगे और रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने बार-बार पैसे मांगे, तो उसे भारतीय न्याय संहिता की धारा 376 (रेप केस) के झूठे मामले में फंसा देंगे।

मामा-मामी की लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकी से क्षुब्ध होकर राहुल साहू ने विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की पुष्टि होने पर मस्तूरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.