Media24Media.com: मोबाइल पर बात करना पड़ा भारी: मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक का पैर कटा, हालत नाजुक

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मोबाइल पर बात करना पड़ा भारी: मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक का पैर कटा, हालत नाजुक

Document Thumbnail

 कोरबा। पवन टॉकीज फाटक के पास रविवार रात मोबाइल फोन का इस्तेमाल एक 22 वर्षीय युवक के लिए काल बन गया। कान में मोबाइल लगाए रेलवे ट्रैक पार कर रहा युवक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इस हृदयविदारक हादसे में युवक का एक पैर कटकर धड़ से अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।


लोको पायलट की चेतावनी रही बेअसर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरमपुर निवासी रोशन पटेल (22) रविवार रात पटरी पार करते समय फोन पर बातचीत में पूरी तरह मशगूल था। इसी दौरान आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने युवक को देख लिया था। चालक ने दुर्घटना टालने के लिए काफी दूर से ही लगातार हॉर्न बजाया और चिल्लाकर आवाज भी दी, लेकिन मोबाइल में खोए होने के कारण रोशन को न तो हॉर्न सुनाई दिया और न ही चालक की चेतावनी। पलक झपकते ही वह ट्रेन की चपेट में आ गया।

तड़पता रहा युवक, 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल

ट्रेन की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पटरी पर युवक लहुलुहान हालत में तड़प रहा था और उसका पैर कटकर दूर जा गिरा था। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए 108 संजीवनी एक्सप्रेस को सूचित किया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को फौरन अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने मोबाइल किया जब्त, जांच शुरू

घटना की भनक लगते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जो हादसे के वक्त भी चालू स्थिति में था। शुरुआती जांच में पुलिस इसे पूरी तरह से लापरवाही का मामला मान रही है। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.