Media24Media.com: शराब के लिए पैसे मांग रहा था बेटा, मां-भाई ने गला दबाकर की हत्या… आत्महत्या दिखाने फंदे पर लटकाया शव

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

शराब के लिए पैसे मांग रहा था बेटा, मां-भाई ने गला दबाकर की हत्या… आत्महत्या दिखाने फंदे पर लटकाया शव

Document Thumbnail

 धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए पैसे मांगने और आए दिन घर में विवाद करने से परेशान मां और छोटे भाई ने मिलकर युवक की हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी मां और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


शराब के पैसे को लेकर हुआ विवाद

मामला Kurud थाना क्षेत्र के बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम गोजी का है। पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय नरसिंग साहू 29 जून को शराब पीने के लिए अपनी मां कमला बाई और छोटे भाई नरेश साहू से पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं देने पर उसने दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया।

गुस्से में मां-भाई ने ले ली जान

बताया जा रहा है कि युवक की हरकतों से परेशान मां और छोटे भाई ने गुस्से में आकर रस्सी से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश

वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की। पहले युवक को अधमरा समझकर कीटनाशक पिलाया गया, फिर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। इसके बाद घर के अंदर संदिग्ध हालत में शव मिलने की बात गांव में फैलाई गई और पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज

शुरुआत में पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही थी। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने पर डॉक्टरों ने बताया कि मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई है। इसके बाद मामला हत्या में बदल गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मृतक की मां और छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.