Media24Media.com: तीसरे विश्व युद्ध की आहट! अमेरिकी हमलों से कांपा ईरान; स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से दुनिया में मचेगा हाहाकार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

तीसरे विश्व युद्ध की आहट! अमेरिकी हमलों से कांपा ईरान; स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से दुनिया में मचेगा हाहाकार

Document Thumbnail

 वाशिंगटन/तेहरान: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में एक वाणिज्यिक (कमर्शियल) जहाज पर ईरानी हमले के बाद, अमेरिका ने रविवार को ईरान के खिलाफ इस सप्ताह की तीसरी और सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने साफ किया है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य था।


साइप्रस के जहाज पर हमला, एक क्रू मेंबर लापता

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, यह कार्रवाई ईरान की 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (IRGC) द्वारा साइप्रस के ध्वज वाले कंटेनर जहाज 'एम/वी जीएफएस गैलेक्सी' पर किए गए हमले के जवाब में की गई है। भारतीय समयानुसार रविवार रात शुरू हुए इस हमले में जहाज में भीषण आग लग गई और उसके इंजन रूम को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे जहाज बीच समुद्र में ही ठप हो गया। हादसे के बाद से चालक दल (क्रू) का एक सदस्य लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, "ईरान ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन कर एक गलत फैसला लिया है, और अब उसे इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।"

ईरान के पांच प्रमुख शहरों में गूंजे धमाके

ईरान के सरकारी प्रसारक (IRIB) ने अमेरिकी हवाई हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि देश के तटीय और रणनीतिक शहरों—असालुयेह, बंदर अब्बास, सीरिक, बंदर देयर और चाबहार में जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गई हैं। अमेरिकी लड़ाकू विमानों और मिसाइलों ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

ईरान का दावा: नियमों के उल्लंघन पर की कार्रवाई, होर्मुज पूरी तरह बंद

दूसरी ओर, ईरान के संगठन IRGC ने अपने हमले को जायज ठहराते हुए दावा किया कि उक्त विदेशी जहाज ने अपना ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर दिया था और बिना अनुमति के प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था। ईरान के मुताबिक, चेतावनी के बावजूद रास्ता न बदलने पर ही जहाज पर फायरिंग की गई।

इस घटना के तुरंत बाद ईरान ने अगले आदेश तक 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को सभी प्रकार के समुद्री यातायात के लिए पूरी तरह बंद करने का ऐलान कर दिया। साथ ही तेहरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने दोबारा हमला किया, तो क्षेत्र में मौजूद सभी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।

वैश्विक तेल बाजार में हड़कंप, कूटनीतिक प्रयास तेज

दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल व्यापार के रास्ते 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' के बंद होने से वैश्विक तेल बाजार में हड़कंप मच गया है और कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल की आशंका जताई जा रही है।

इस बीच, ओमान और कतर की मध्यस्थता में मस्कट में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत के जरिए तनाव कम करने की कोशिशें भी जारी हैं। हालांकि, ईरान ने रुख कड़ा करते हुए साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका होर्मुज और तेल निर्यात से जुड़े पुराने समझौतों का पालन नहीं करता, तब तक कोई भी शांति वार्ता संभव नहीं है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.