Media24Media.com: दुर्ग जिला अस्पताल: ओटी में चींटियों का आतंक, 3 दिनों से सिजेरियन ऑपरेशन ठप

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दुर्ग जिला अस्पताल: ओटी में चींटियों का आतंक, 3 दिनों से सिजेरियन ऑपरेशन ठप

Document Thumbnail

 दुर्ग। जिला अस्पताल के मदर-चाइल्ड केयर यूनिट (MCH) में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। ऑपरेशन थिएटर (OT) में चींटियों के उपद्रव और संक्रमण के खतरे को देखते हुए पिछले तीन दिनों से सभी सिजेरियन (सी-सेक्शन) डिलीवरी पर रोक लगा दी गई है। इस वजह से प्रसूताओं और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


टूटी टाइल्स और दरारों से घुसीं चींटियां

अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, गत 23 और 24 जुलाई को ऑपरेशन थिएटर में अचानक भारी संख्या में चींटियां देखी गईं। जांच में पाया गया कि ओटी की टूटी हुई टाइल्स और दीवारों में पड़ी दरारों से चींटियां अंदर आ रही थीं। इसके साथ ही, समय पर पेस्ट कंट्रोल न कराए जाने की गंभीर लापरवाही भी उजागर हुई है। मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण के जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से ओटी को सील कर दिया।

इमरजेंसी केस मेजर ओटी में शिफ्ट, बाकी टले

अस्पताल में रोजाना औसतन 4 से 5 सर्जरी होती हैं। ओटी बंद होने से पूर्व-निर्धारित सभी ऑपरेशन प्रभावित हो गए हैं। शुरुआत में एमसीएच यूनिट के केस दूसरे थिएटर में शिफ्ट किए गए थे, लेकिन विभागाध्यक्ष डॉ. बी.आर. साहू ने संक्रमण फैलने की आशंका के चलते अन्य सर्जरी पर भी रोक लगाने की सलाह दी। फिलहाल, केवल बेहद जरूरी और इमरजेंसी सीजेरियन डिलीवरी ही मेजर ऑपरेशन थिएटर में कराई जा रही हैं, जबकि सामान्य मामलों को आगे की तारीखें दी जा रही हैं।

पेस्ट कंट्रोल और फ्यूमिगेशन पूरा, कल्चर रिपोर्ट का इंतजार

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि ओटी में पेस्ट कंट्रोल और फ्यूमिगेशन (जीवाणु रहित करने की प्रक्रिया) का काम पूरा कर लिया गया है। हालांकि, थिएटर को पूरी तरह संक्रमण मुक्त घोषित करने के लिए कल्चर टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट सामान्य आने के बाद ही ओटी को दोबारा इस्तेमाल के लिए खोला जाएगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.