Media24Media.com: “पति को मुंबई पुलिस ने पकड़ा…” कहकर महिला से 35 हजार की ठगी, वीडियो भेजकर बनाया दबाव

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

“पति को मुंबई पुलिस ने पकड़ा…” कहकर महिला से 35 हजार की ठगी, वीडियो भेजकर बनाया दबाव

Document Thumbnail

 सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला Surajpur जिले से सामने आया है, जहां ठगों ने एक महिला को उसके पति की गिरफ्तारी का झांसा देकर करीब 35 हजार रुपए की साइबर ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को Mumbai Police का अधिकारी बताकर पहले पैसे ऐंठे, फिर वीडियो भेजकर महिला को ब्लैकमेल किया।


खुद को बताया पुलिस अधिकारी

पीड़िता सोनी सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पति दूसरे शहर में रहकर ड्राइवर का काम करते हैं। पिछले चार दिनों से उनके व्हाट्सएप पर अलग-अलग नंबरों से कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाले खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताते हुए कह रहे थे कि उनके पति को सोना-चांदी से जुड़े मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।

पति को छोड़ने के नाम पर ऐंठे पैसे

पति की गिरफ्तारी की बात सुनकर महिला घबरा गई। ठगों ने पहले पति को छोड़ने के नाम पर 7 हजार रुपए मांगे। महिला ने भरोसा कर रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद दोबारा कॉल कर 26,100 रुपए और जमा कराने को कहा, जिसे महिला ने भेज दिया।

वीडियो भेजकर किया ब्लैकमेल

कुछ देर बाद आरोपियों ने महिला के व्हाट्सएप पर एक वीडियो भेजा, जिसमें एक व्यक्ति की पिटाई होती दिखाई दे रही थी। ठगों ने दावा किया कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति उसका पति है। इसके बाद 55 हजार रुपए और भेजने का दबाव बनाया गया।

फिर मांगे 20 हजार और

आरोपियों ने महिला को दोबारा फोन कर कहा कि उसके पति को मुंबई से Lucknow ले जाया जा रहा है। अगर वह तुरंत 20 हजार रुपए और भेज देगी तो रास्ते में ही उसे छोड़ दिया जाएगा।

शक हुआ तो पहुंची थाने

लगातार पैसों की मांग और धमकियों के बाद महिला को ठगी का शक हुआ। इसके बाद वह सीधे कोतवाली थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर खुद को पुलिस या सरकारी अधिकारी बताकर पैसे मांगने वालों पर भरोसा न करें और पहले जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.