Media24Media.com: 8 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

8 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है। भारतीय मौसम विभाग ने 9 जून को देश के 17 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 8 घंटों के दौरान कई राज्यों में 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक सहित कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

11-12 जून को सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

आईएमडी के अनुसार 11 और 12 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

मानसून ने पकड़ी रफ्तार

दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के कुछ और हिस्सों तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के शेष क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

आईएमडी ने अगले सात दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से 8 और 9 जून को केरल और कर्नाटक में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में आज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 9 जून के लिए केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.