Media24Media.com: आज केरल से भारत में दस्तक देगा मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

आज केरल से भारत में दस्तक देगा मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून आज केरल के रास्ते भारत में प्रवेश करने जा रहा है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने केरल सहित कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से जारी सुहावने मौसम का असर कम होता दिख रहा है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।


मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज आंधी की चेतावनी

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 7 जून के बीच व्यापक बारिश होने का अनुमान है। झारखंड और ओडिशा में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ तथा पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मथुरा और आगरा में तेज धूप के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि दोपहर बाद मौसम बदल सकता है और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।

वहीं लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर और हरदोई में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

 
 
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.