Media24Media.com: प्रेम संबंध का राज खुलने का था डर, भतीजी ने प्रेमी संग मिलकर की चाची की हत्या

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

प्रेम संबंध का राज खुलने का था डर, भतीजी ने प्रेमी संग मिलकर की चाची की हत्या

Document Thumbnail

 अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में चाची की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका की भतीजी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि चाची द्वारा दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लेने के बाद भेद खुलने के डर से उन्होंने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।


पुलिस के अनुसार, भुईंयापारा, जुना लखनपुर निवासी रंजीत लकड़ा ने 31 मई को अपनी परिजन लक्ष्मी लकड़ा (65) की संदिग्ध मौत की सूचना थाना लखनपुर में दी थी। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर चोट एवं घर्षण के निशान पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें घटना वाली रात एक युवक मृतका के घर आते-जाते दिखाई दिया। फुटेज में मृतका की भतीजी तेरेसा एक्का भी उसी युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती हुई नजर आई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेरेसा एक्का और उसके प्रेमी आशीष कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले मृतका लक्ष्मी लकड़ा ने दोनों को एक साथ देख लिया था। इस बात के उजागर होने के डर से उन्होंने लक्ष्मी लकड़ा को दीवार पर धक्का दिया और मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (30), निवासी बाजारपारा, लखनपुर तथा तेरेसा एक्का (20), निवासी लोसगा, रानीकछार, थाना लखनपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.