Media24Media.com: शराबी शिक्षक ने स्कूल को बनाया ‘मयखाना’! बच्चों के बीच शराब पीने का वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

शराबी शिक्षक ने स्कूल को बनाया ‘मयखाना’! बच्चों के बीच शराब पीने का वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Document Thumbnail

 कवर्धा। Kabirdham district जिले के पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम तेलियापानी लेदरा से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शासकीय स्कूल के शिक्षक का स्कूल परिसर में कथित रूप से शराब सेवन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में एक शिक्षक स्कूल भवन के भीतर कमरे में बैठकर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कमरे के अंदर शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान भी नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह घटना स्कूल समय के दौरान की है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर बच्चों के भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी होती है, वहां इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ अनुशासनहीनता है, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एफ.आर. वर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रधान पाठक से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है। उन्होंने कहा है कि वायरल वीडियो की सत्यता, समय और स्थान की गंभीरता से जांच की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि वीडियो वास्तव में स्कूल परिसर का ही है या नहीं।

डीईओ ने साफ कहा है कि प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.