Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के लिए बने अनुकूल हालात, बारिश-आंधी का अलर्ट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के लिए बने अनुकूल हालात, बारिश-आंधी का अलर्ट

Document Thumbnail

 रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। अगले तीन से चार दिनों में मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही 11 जून से प्रदेशभर में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।


मौसम विभाग ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पंजाब से पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा एक अन्य द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश होते हुए विदर्भ तक फैली हुई है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

कई जिलों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सर्वाधिक 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रायगढ़ के कापू, बलरामपुर के रघुनाथनगर और कुसमी, सरगुजा के लखनपुर और बतौली, गरियाबंद के छुरा तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया में भी वर्षा दर्ज की गई।

तापमान में गिरावट के आसार

प्रदेश में फिलहाल गर्मी का असर बरकरार है। राजनांदगांव में सबसे अधिक 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

रायपुर में बारिश और अंधड़ के संकेत

राजधानी रायपुर में 11 जून को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चल सकता है। मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और आम लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.