Media24Media.com: ओमान तट के पास मिसाइल हमले का शिकार हुआ टैंकर, सभी 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित बचाए गए

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

ओमान तट के पास मिसाइल हमले का शिकार हुआ टैंकर, सभी 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित बचाए गए

Document Thumbnail

नई दिल्ली- भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (MRCC) मुंबई को 8 जून 2026 को दोपहर लगभग 2:20 बजे सूचना मिली कि पलाऊ ध्वजवाहक तेल टैंकर एमटी मैरिवेक्स (MT Marivex), जो ओमान के मसिराह तट के निकट लंगर डाले हुए था, मिसाइल हमले का शिकार हो गया है। जहाज पर 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे।

सूचना मिलते ही एमआरसीसी मुंबई ने ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र (OMSC) से संपर्क स्थापित किया और स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए ओमान की संबंधित एजेंसियों तथा अन्य हितधारकों के साथ समन्वय बनाए रखा।

शाम लगभग 5:00 बजे ओमान के ओएमएससी ने पुष्टि की कि ओमान नौसेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा सभी 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बचाए गए सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं तथा किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद भी टैंकर एमटी मैरिवेक्स ओमान के मसिराह तट के निकट लंगर डाले हुए है।

यह सफल बचाव अभियान क्षेत्रीय समुद्री बचाव एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग की प्रभावशीलता को दर्शाता है। साथ ही यह भारतीय तटरक्षक बल की भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समुद्री आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.