Media24Media.com: बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालक फरार, खिड़की तोड़कर भागे… पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालक फरार, खिड़की तोड़कर भागे… पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Document Thumbnail

 अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बड़ी खबर सामने आई है। शहर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार देर शाम 11 अपचारी बालक सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फरार हो गए। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने सभी फरार बालकों की तलाश के लिए शहर सहित आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।


जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त इलाके में तेज बारिश हो रही थी और अचानक बिजली गुल हो गई थी। इसी अंधेरे का फायदा उठाकर अपचारी बालकों ने पहले खिड़की तोड़ी और फिर पीछे की दीवार फांदकर एक-एक कर फरार हो गए। माना जा रहा है कि भागने की पूरी योजना पहले से तैयार की गई थी।

हैरानी की बात यह है कि घटना के समय संप्रेक्षण गृह के मुख्य गेट पर दो सुरक्षाकर्मी तैनात थे, इसके बावजूद 11 बालकों का एक साथ फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है। इस घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने फरार बालकों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है।

फिलहाल पुलिस रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ग्रामीण इलाकों और संभावित ठिकानों पर लगातार सर्च अभियान चला रही है। शुरुआती जांच में बारिश और बिजली गुल होने की स्थिति को कारण माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के एंगल से भी जांच जारी है।

इस बड़ी घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि फरार हुए सभी 11 अपचारी बालकों को पुलिस कब तक पकड़ पाती है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.