Media24Media.com: पाकिस्तान में ट्रेन को निशाना बनाकर सुसाइड अटैक, जोरदार धमाके में 23 की मौत; 47 घायल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पाकिस्तान में ट्रेन को निशाना बनाकर सुसाइड अटैक, जोरदार धमाके में 23 की मौत; 47 घायल

Document Thumbnail

 क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में  रेलवे ट्रैक के पास हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। ट्रेन को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 47 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई जगह गोलियों की आवाजें भी सुनाई दीं।


रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन क्वेटा कैंट इलाके की ओर जा रही थी, तभी चमन फाटक के पास रेलवे लाइन पर जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि ट्रेन के इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए। आसपास खड़ी करीब 10 गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

इमारतों के शीशे टूटे, इलाके में दहशत

धमाके का असर इतना तेज था कि आसपास की इमारतों के शीशे और खिड़कियां टूट गईं। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया। पुलिस, सेना और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को क्वेटा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालात को देखते हुए सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हमले की जांच जारी

बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि धमाका किस प्रकार किया गया। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियों का केंद्र रहा है। यहां सक्रिय कई संगठन पाकिस्तान सरकार के खिलाफ संघर्ष करते रहे हैं और बलूचिस्तान की आजादी की मांग करते हैं।

रेल मंत्री ने की हमले की निंदा

पाकिस्तान के रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे कायराना आतंकी हमला बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे हमले आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के हौसले को कमजोर नहीं कर सकते।

रेल मंत्री ने बताया कि फंसे यात्रियों को निकालने के लिए राहत ट्रेन और रेस्क्यू ट्रक मौके पर भेजे गए हैं। साथ ही अधिकारियों से घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है।

घटना के बाद एहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.