Media24Media.com: आंधी-तूफान का कहर: 74 लोगों की मौत, 38 जिलों में येलो अलर्ट जारी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

आंधी-तूफान का कहर: 74 लोगों की मौत, 38 जिलों में येलो अलर्ट जारी

Document Thumbnail

 उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। प्रदेश के कई जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने, बिजली गिरने और टीन शेड उड़ने जैसी घटनाओं में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 38 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।


100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और दक्षिण राजस्थान से आ रही पूरवा हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बुधवार दोपहर बाद शुरू हुआ मौसम का बदलाव शाम तक भीषण तूफान में बदल गया।

उन्नाव और प्रयागराज में दोपहर करीब ढाई बजे तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। कई जिलों में तेज हवाओं से पेड़ उखड़ गए, टीन शेड उड़ गए और साइन बोर्ड गिर पड़े। उन्नाव में सड़क किनारे खड़ी कार पर विशाल पेड़ गिर गया। वहीं प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़ और बांदा में आंधी की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। बरेली और बदायूं में कई यूनिपोल और साइन बोर्ड गिरने की घटनाएं सामने आईं।

सबसे ज्यादा प्रभावित जिले

आंधी-तूफान और बारिश से प्रदेश के कई जिलों में जनहानि हुई है। भदोही में 10, प्रयागराज में 17, फतेहपुर में 8, उन्नाव में 7, बदायूं में 6, बरेली में 4, सीतापुर में 2 और रायबरेली में 1 व्यक्ति की मौत दर्ज की गई। इसके अलावा हरदोई, झांसी, कानपुर देहात, संभल, प्रतापगढ़ समेत अन्य जिलों में भी लोगों की जान गई है।

प्रयागराज में 17 लोगों की मौत

प्रयागराज जिले में सबसे ज्यादा 17 लोगों की मौत हुई। सदर तहसील में 1, हंडिया में 7, फूलपुर में 4, सोरांव में 3 और मेजा में 2 लोगों की जान गई। मृतकों में पांच महिलाएं, चार बच्चे और आठ पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा पांच लोग घायल हुए हैं। प्रशासन के अनुसार, जिले में 20 पशुओं की भी मौत हुई है और 16 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

उन्नाव में मासूम समेत 7 की मौत

उन्नाव जिले में तेज आंधी और बारिश के दौरान अलग-अलग हादसों में सात लोगों की मौत हो गई। दही थाना क्षेत्र में आम का पेड़ गिरने से 70 वर्षीय किसान राम आश्रय की मौत हो गई। वहीं आसीवन थाना क्षेत्र में यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से 9 वर्षीय अंश की जान चली गई। दो अन्य गंभीर घायलों को इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

बिजली व्यवस्था और यातायात प्रभावित

तूफान के चलते सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सड़क मार्गों पर भी यातायात प्रभावित रहा। कई जगहों पर मकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

38 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा समेत 38 जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.