Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान का कहर: कोरबा में पेड़ की डाल गिरने से तीन दोस्तों की मौत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान का कहर: कोरबा में पेड़ की डाल गिरने से तीन दोस्तों की मौत

Document Thumbnail

कोरबा/बिलासपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी, तूफान और बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं कई स्थानों पर भारी नुकसान भी पहुंचाया। कोरबा जिले में पेड़ की डाल गिरने से तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बिलासपुर और रायगढ़ में बिजली व्यवस्था चरमरा गई तथा जनजीवन प्रभावित रहा।


पेड़ के नीचे खड़े तीन दोस्तों की मौत

कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के चोरका दांड गांव में आंधी-तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, तेज बारिश और आंधी से बचने के लिए तीन युवक एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान पेड़ की एक भारी डाल टूटकर उन पर गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान शिवराम टेकाम (14 वर्ष), कमलेश बड़ा (18 वर्ष) और दिनेश तिर्की (17 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आपस में घनिष्ठ मित्र थे और एक ही गांव के निवासी थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर में बारिश के साथ बिजली संकट

बिलासपुर में नवतपा की भीषण गर्मी के बीच हुई बारिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन इसके साथ ही शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश शुरू होते ही कई क्षेत्रों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बिजली गुल होने से विद्युत विभाग की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।

रायगढ़ में जलभराव, घंटों ठप रही बिजली

रायगढ़ में तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं आंधी के कारण विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई और कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही।

शहर के सुभाष चौक में तेज हवा के चलते एक बड़ा होर्डिंग सड़क पर गिर गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।

मौसम विभाग ने जारी की सतर्कता की सलाह

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। विभाग ने आंधी, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.