Media24Media.com: महंगाई का डबल अटैक: 5 दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महंगाई का डबल अटैक: 5 दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। आम जनता को महंगाई का एक और झटका देते हुए तेल कंपनियों ने मंगलवार, 19 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी। पिछले पांच दिनों में यह दूसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी पेट्रोल-डीजल करीब 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया था।


नई दरों के अनुसार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा हुआ है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

प्रमुख शहरों में नए दाम

  • दिल्ली – पेट्रोल 98.64 रुपये, डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर
  • मुंबई – पेट्रोल 107.59 रुपये, डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर
  • कोलकाता – पेट्रोल 109.70 रुपये, डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर
  • चेन्नई – पेट्रोल 104.49 रुपये, डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर
  • जयपुर – पेट्रोल 108.84 रुपये, डीजल 94.12 रुपये प्रति लीटर

तेल कंपनियों पर बढ़ा दबाव

सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी के कारण सरकारी तेल कंपनियों पर भारी दबाव बना हुआ है। पिछले करीब चार वर्षों तक कंपनियों ने खुदरा कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी नहीं की थी, लेकिन अब बढ़ती लागत के चलते दामों में चरणबद्ध वृद्धि की जा रही है।

बताया जा रहा है कि कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना करीब 1000 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो रहा था। हालिया बढ़ोतरी के बाद यह घाटा घटकर करीब 750 करोड़ रुपये प्रतिदिन रह गया है।

वैश्विक बाजार का असर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें लगातार 100 से 110 डॉलर प्रति बैरल के बीच बनी हुई हैं। भारत अपनी जरूरत का 85 फीसदी से अधिक कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए वैश्विक बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में और तेजी आती है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

 
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.